West Asia War: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों और गलत जानकारी से दूर रहें और केवल सरकारी स्रोतों पर भरोसा करें।
रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम Mann Ki Baat में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय चुनौतीपूर्ण है और पूरे देश को एकजुट होकर इसका सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के युद्ध का असर वैश्विक ईंधन संकट के रूप में सामने आ रहा है।
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि जैसे भारत ने पहले भी मुश्किल हालातों का सामना किया है, वैसे ही इस बार भी 140 करोड़ भारतीय मिलकर इस संकट से बाहर निकलेंगे।
140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य से भारत मौजूदा युद्ध से पैदा हुए वैश्विक संकट का डटकर मुकाबला कर रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि एकजुट रहकर हम पहले की तरह ही इस कठिन चुनौती से पूरी तरह बाहर निकल आएंगे।#MannKiBaat pic.twitter.com/PU9ytcjy8f
— Narendra Modi (@narendramodi) March 29, 2026
एलपीजी आपूर्ति को लेकर चल रही चिंताओं के बीच सरकार ने साफ किया है कि देश में किसी तरह की कमी नहीं है और एक महीने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। हाल के दिनों में सप्लाई चेन प्रभावित होने की खबरों के कारण लोगों में चिंता देखी गई थी।
प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह देश के हित से जुड़ा मामला है और अफवाह फैलाने वाले लोग देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और गलत जानकारी से बचने की अपील की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों का आभार भी जताया, जहां एक करोड़ से अधिक भारतीय रह रहे हैं और काम कर रहे हैं।
पश्चिम एशिया में यह संघर्ष अमेरिका और इजराइल के हमले के बाद शुरू हुआ था, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की। ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमले किए और प्रमुख समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई और कई देशों में ऊर्जा संकट गहरा गया।