Bengal CM Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रच दिया है। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।
कभी ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने इस शपथ ग्रहण के साथ बंगाल की राजनीति में नया अध्याय शुरू कर दिया। सादे भगवा कुर्ते में नजर आए शुभेंदु की छवि ने राजनीतिक हलकों में खास चर्चा बटोरी। उनके साथ अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, दिलीप घोष, अशोक कीर्तानिया और क्षुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
Kolkata | BJP leader Suvendu Adhikari took oath as the first BJP Chief Minister of West Bengal since independence pic.twitter.com/ZoMOINT6RX
— ANI (@ANI) May 9, 2026
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार शाम राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड, जिसे कभी वामपंथ का गढ़ माना जाता था और बाद में तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक ताकत का प्रतीक बना, वहीं अब भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण का साक्षी बना। भाजपा ने इसे “सोनार बांग्ला” की शुरुआत और “डबल इंजन” सरकार का नया अध्याय बताया।
समारोह में सुबह से ही हजारों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचने लगे थे। कई समर्थक भगवा गमछे और पार्टी के झंडों के साथ नजर आए। मैदान में लगाए गए बड़े एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी के चुनावी भाषण चलाए गए। प्रधानमंत्री के पहुंचते ही “भारत माता की जय” और “बंगाल वॉन्ट्स बीजेपी” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद, उद्योगपति, फिल्म जगत की हस्तियां, संत और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। भाजपा ने इस आयोजन को बंगाल की राजनीति में “ऐतिहासिक बदलाव” का प्रतीक बताया।
इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है।
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा ने इस जीत को बंगाल में राजनीतिक बदलाव और विकास की नई शुरुआत बताया है।