facebookmetapixel
रेट कट का असर! बैंकिंग, ऑटो और रियल एस्टेट शेयरों में ताबड़तोड़ खरीदारीTest Post कैश हुआ आउट ऑफ फैशन! अक्टूबर में UPI से हुआ अब तक का सबसे बड़ा लेनदेनChhattisgarh Liquor Scam: पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तारFD में निवेश का प्लान? इन 12 बैंकों में मिल रहा 8.5% तक ब्याज; जानिए जुलाई 2025 के नए TDS नियमबाबा रामदेव की कंपनी ने बाजार में मचाई हलचल, 7 दिन में 17% चढ़ा शेयर; मिल रहे हैं 2 फ्री शेयरIndian Hotels share: Q1 में 19% बढ़ा मुनाफा, शेयर 2% चढ़ा; निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय?Reliance ने होम अप्लायंसेस कंपनी Kelvinator को खरीदा, सौदे की रकम का खुलासा नहींITR Filing 2025: ऑनलाइन ITR-2 फॉर्म जारी, प्री-फिल्ड डेटा के साथ उपलब्ध; जानें कौन कर सकता है फाइलWipro Share Price: Q1 रिजल्ट से बाजार खुश, लेकिन ब्रोकरेज सतर्क; क्या Wipro में निवेश सही रहेगा?Air India Plane Crash: कैप्टन ने ही बंद की फ्यूल सप्लाई? वॉयस रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा

BJP Foundation Day: भाजपा भारत की पसंदीदा पार्टी है, लोग फिर से इसे चुनेंगे- PM Modi

PM मोदी ने कहा कि नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है।

Last Updated- April 06, 2024 | 11:23 AM IST
PM Modi
Prime Minister Narendra Modi (File Photo)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को कहा कि भाजपा भारत की पसंदीदा पार्टी बन गई है और उन्होंने भरोसा जताया कि लोग पार्टी को केंद्र में एक और कार्यकाल के लिए चुनेंगे ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए ‘‘तैयार की गई नींव को मजबूत किया’’ जा सके।

मोदी ने भाजपा के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने में सक्षम होने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने की भी क्षमता रखती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जातिवाद, सांप्रदायिकता और वोट बैंक की राजनीति से मुक्त करने के लिए संकल्पबद्ध है जबकि दशकों तक शासन करने वाले दलों ने इसी राजनीतिक संस्कृति को देश की पहचान बना दिया था।

मोदी ने कहा कि नए भारत में स्वच्छ और पारदर्शी शासन होने से विकास का लाभ आज अंतिम पायदान पर खड़े गरीबों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘केंद्र हो या राज्य, हमारी पार्टी ने सुशासन को नए सिरे से परिभाषित किया है। हमारी योजनाओं और नीतियों ने देश के गरीब और वंचित भाई-बहनों को एक नई ताकत दी है। जो लोग दशकों तक हाशिए पर रहे थे, उन्हें अपने लिए भाजपा में उम्मीद की बड़ी किरण दिखी।

भाजपा उनकी सशक्त आवाज बनकर सामने आई।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा समग्र विकास के लिए काम किया है, जिससे हर देशवासी का जीवन आसान बना है।

मोदी ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आज भाजपा की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भाजपा देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है।’’ उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए गौरव की बात है कि भाजपा अपने विकासवादी दृष्टिकोण, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही है।

मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने पिछले दशक में लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों में अप्रत्याशित सफलता हासिल की है। मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं। देश की युवाशक्ति भाजपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का अभिन्न अंग होने पर भी गर्व है, क्योंकि यह गठबंधन देश की प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर भारत को आगे ले जाने में विश्वास रखता है। राजग एक ऐसा गठबंधन है, जो देश की विविधता के खूबसूरत रंगों से सजा है। हमारी यह साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे पक्का विश्वास है कि आने वाले समय में हमारा यह गठबंधन और भी मजबूत होगा।’’

मोदी ने आगामी आम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘देश की जनता-जनार्दन एक नई लोकसभा चुनने को पूरी तरह से तैयार है। मैं आश्वस्त हूं कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके।’’

भाजपा की स्थापना 1980 में पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ के नेताओं ने की थी। भारतीय जनसंघ ने आपातकाल के बाद 1977 के चुनावों में कांग्रेस से मुकाबला करने के लिए जनता पार्टी बनाने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ विलय कर लिया था। भाजपा ने 1984 में लड़े गए अपने पहले राष्ट्रीय चुनाव में केवल दो लोकसभा सीट जीती थीं। बाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में यह पार्टी तेजी से मजबूत हुई और यह 90 के दशक में एक गठबंधन का नेतृत्व करते हुए सत्ता में आई। इसके बाद मोदी के नेतृत्व में 2014 में पार्टी को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला और फिर 2019 में उससे भी बड़ा जनादेश मिला।

First Published - April 6, 2024 | 11:23 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट