लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में भाजपा सदस्य रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) द्वारा दिये गये कुछ आपत्तिजनक बयानों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को उन्हें भविष्य में इस तरह के व्यवहार पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में ‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष के क्षेत्र में राष्ट्र की अन्य उपलब्धियां’ विषय पर चर्चा के दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कुंवर दानिश अली के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की थीं जिन पर सदन में हंगामा हुआ और विपक्षी नेताओं ने बिधूड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने भाजपा नेता को भविष्य में इस तरह का व्यवहार दोहराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। गुरुवार रात को सदन में बिधूड़ी द्वारा आपत्तिजनक बयान दिये जाने के तत्काल बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद प्रकट किया था।
कांग्रेस ने लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ भाजपा सदस्य रमेश बिधूड़ी द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को बिधूड़ी के निलंबन की मांग की। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि बिधूड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बता दें कि बिधूड़ी ने ‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों के विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए अली के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी। दानिश अली ने कल कहा था कि भाजपा सदस्य को अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
पीठासीन सभापति कोडिकुनिल सुरेश ने इस पर बिधूड़ी के आपत्तिजनक शब्दों को रिकॉर्ड से हटाने का निर्देश दिया था। कल सदन में शोर-शराबा जारी रहने पर सदन के उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने विवादित टिप्पणी सुनी नहीं है, लेकिन बिधूड़ी ने यदि कुछ ऐसी टिप्पणी की है, जिससे बसपा सांसद की भावना आहत हुई है तो इन शब्दों को रिकॉर्ड से हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा था, ‘‘मैं इस पर खेद व्यक्त करता हूं।’’ अब इस पर कांग्रेस ने बिधूड़ी के निलंबन की मांग की है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी के निचले सदन में दिये गये आपत्तिजनक बयानों के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राकांपा के शरद पवार नीत खेमे के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ज्यादा खराब बात यह है कि भाजपा सांसद हर्षवर्धन और रविशंकर प्रसाद इस तरह से बिधूड़ी को बोलने से रोकने या उनकी बात सही कराने के बजाय हंस रहे थे।’’
क्रेस्टो ने पूछा कि बिधूड़ी को अब तक निलंबित क्यों नहीं किया गया? उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष को फौरन कार्रवाई करनी चाहिए। क्या भाजपा उन्हें पार्टी से निलंबित करेगी या फिर उन्हें पदोन्नत किया जाएगा?’’
क्रेस्टो ने सवाल किया, ‘‘इस तरह के व्यवहार और भाषा के लिए केवल एक चेतावनी! इतनी नरमी क्यों बरती जा रही है? क्योंकि वह भाजपा से हैं, इसलिए?’’