असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधान सभा चुनावों के लिए 88 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। राज्य में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और 4 मई मतगणना को होगी।
कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई दिसपुर से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने हाल में लोक सभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा। उन्होंने अपमान और सम्मान की कमी का हवाला देते हुए कांग्रेस से किनारा कर लिया था। असम भाजपा के प्रवक्ता रूपम गोस्वामी ने बताया कि पार्टी ने अपने सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) को 26 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) को 11 सीटें आवंटित करने का निर्णय लिया है। भाजपा ने 88 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। उन्होंने बिज़नेस स्टैंडर्ड से बात करते हुए कहा, ‘सूची में केवल एक बदलाव हो सकता है कि हम (भाजपा) दालगांव निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं जबकि अगप समरिया सीट ले सकती है।’
फिलहाल एक नए चेहरे ज्योत्सना कालिता को दालगांव सीट से नामित किया गया है। वर्ष 2021 के विधान सभा चुनावों में भाजपा ने 93 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 60 जीती थीं। उस दौरान अगप ने 29 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से 3 सीटें ऐसी थीं जहां भाजपा के साथ दोस्ताना मुकाबला था और उसने 9 सीटें जीतीं। बीपीएफ ने 12 में से 4 सीटें जीतीं।
पूर्व कांग्रेस नेता भूपेन कुमार बोरा ने 2025 तक असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। मगर फरवरी 2026 में इस्तीफा देने और पार्टी बदलने के बाद वह बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र से नामित किए गए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा 2001 से लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं। वह जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
जोरहाट सीट से मौजूदा भाजपा विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी को सीट से पुनः नामांकित किया गया है जहां उनका मुकाबला असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई से होगा। गोस्वामी ने 1991, 1996 और 2001 में अगप विधायक के तौर पर और 2016 एवं 2021 में भाजपा विधायक के तौर पर इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है।
प्रमुख नामों में सिद्धार्थ भट्टाचार्य, अतुल बोरा, खेल मंत्री नंदिता गार्लोसा और उपाध्यक्ष नुमल मोमिन को सूची से बाहर कर दिया गया है। सूची में नए चेहरों में गुवाहाटी सेंट्रल से विजय कुमार गुप्ता और पालाबाड़ी से हिमांशु शेखर वैश्य शामिल हैं। प्रद्युत बारदोलोई के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद उनके बेटे प्रतीक ने आगामी चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में मरघेरिटा विधान सभा क्षेत्र से चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पार्टी ने स्पीकर विश्वजित धीमरी को पानेरी से तामुलपुर (एसटी), मंत्री चंद्रमोहन पटवारी को धर्मपुर से तिहू और मंत्री रणजीत कुमार दास को पाथाचार्कुची से भवानीपुर-सोर्भोग में स्थानांतरित कर दिया है।
भाजपा ने गुरुवार को केरल विधान सभा चुनावों के लिए 39 प्रत्याशियों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मिजोरम राज्यपाल कुम्मानम राजशेखरन को अरणमुला निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। वह स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने धर्मडम से के. रंजीत को मैदान में उतारा है जहां से मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इससे पहले अपनी पहली सूची में 47 प्रत्याशियों की घोषणा की थी। इस प्रकार अब तक घोषित कुल प्रत्याशियों की संख्या 140 में से 86 हो गई है।