इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने दिल्ली-एनसीआर में कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत 2 रुपये किलो बढ़ा दी। पश्चिम एशिया में टकराव के कारण ऊर्जा की बढ़ी कीमतों की वजह से दो सप्ताह में यह चौथी वृद्धि है।
मंगलवार को दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई, जो 81.09 रुपये प्रति किलो थी। सीएनजी की कीमत नोएडा में 91.70रुपये किलो, गाजियाबाद में 91.70 रुपये किलो, गुरुग्राम में 88.12 रुपये किलो और अजमेर में 92.44 रुपये किलो हो गई है। इसके पहले आईजीएल ने 23 मई को सीएनजी की कीमत में एक रुपये किलो बढ़ोतरी की थी।
ऊर्जा की बढ़ती कीमतों को देखते हुए भारत में ईंधन के खुदरा कारोबारियों ने घाटे को कम करने के लिए कई बार कीमत बढ़ाई है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने मई से अब तक पेट्रोल की कीमत 7.38 रुपये लीटर और डीजल की कीमत 7.52 रुपये लीटर बढ़ाई है।
हाल में 25 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमत में क्रमशः 2.61 रुपये प्रति लीटर और 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की थी। यह पिछले दो सप्ताह से कम समय में चौथी बढ़ोतरी थी। दिल्ली में गैर ब्रांडेड पेट्रोल की कीमत 100 रुपये से ऊपर पहुंच गई है, जबकि डीजल 95.20 रुपये लीटर है।
सरकार ने कहा कि भारत की ऊर्जा कंपनियां तुलनात्मक रूप से कम दाम में तेल बेचने के कारण वित्तीय दबाव में हैं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई है, जो पश्चिम एशिया संकट के पहले 80 रुपये प्रति लीटर थी।