जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण यह हमला नाकाम हो गया और अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए।
अधिकारियों के अनुसार यह घटना जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में रॉयल पार्क में हुई, जहां फारूक अब्दुल्ला एक पार्टी नेता की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी भी मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक जब फारूक अब्दुल्ला समारोह से बाहर निकल रहे थे, तभी एक व्यक्ति पीछे से उनके पास पहुंचा और बेहद करीब से गोली चला दी। लेकिन उनके साथ मौजूद सुरक्षा टीम तुरंत सक्रिय हो गई और हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया। गोली अब्दुल्ला को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने हमलावर की पहचान 63 वर्षीय कमल सिंह जम्वाल के रूप में की है, जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाने का मौका तलाश रहा था।
उसने कहा कि आज उसे मौका मिला, लेकिन फारूक अब्दुल्ला बच गए।
अधिकारियों के अनुसार आरोपी घटना के समय नशे की हालत में था। उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस के सुरक्षा विंग के दो अधिकारियों ने पकड़ लिया।
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताया। उन्होंने कहा कि जब एक ही समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के सलाहकार मौजूद हों और कोई व्यक्ति हथियार लेकर अंदर पहुंच जाए, तो यह चिंता की बात है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह एक बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन अल्लाह की मेहरबानी से उनके पिता सुरक्षित बच गए।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इतना पता है कि एक व्यक्ति लोडेड पिस्तौल के साथ बहुत करीब तक पहुंच गया और गोली चला दी। अगर सुरक्षा टीम तुरंत कार्रवाई न करती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
पुलिस ने साफ किया है कि शुरुआती जांच में इस मामले में आतंकवाद से जुड़ा कोई एंगल सामने नहीं आया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। (PTI के इनपुट के साथ)