Weather Update: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी तो कहीं बारिश और आंधी-तूफान राहत दे सकते हैं।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में लू चलने की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को खास सतर्क रहने की जरूरत है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी के साथ उमस भरा मौसम बना रहेगा। यहां तापमान के साथ नमी बढ़ने से लोगों को ज्यादा परेशानी महसूस हो सकती है। छत्तीसगढ़ और झारखंड में गर्मी का असर रात के समय भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों में गर्म रातों की संभावना जताई है, जिससे लोगों को लगातार गर्मी झेलनी पड़ सकती है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
पूर्वी भारत के राज्यों में भी तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे साफ है कि यहां भी गर्मी का दौर जारी रहने वाला है।