IAF Aircraft AN-32 crashes: असम के जोरहाट जिले में शनिवार को रूसी मूल का भारतीय वायुसेना का एक परिवहन विमान उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। यह घटना तब हुई जब 43 स्क्वाड्रन का AN-32 विमान रोवरिया क्षेत्र स्थित वायुसेना स्टेशन में उतर रहा था। इस विमान में सामान लदा था। इस हादसे में भारतीय वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत हो गई।
प्रवक्ता ने बताया कि वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे वायुसेना स्टेशन को सील कर दिया गया है और किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और इलाका धुएं से भर गया। दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस तेजी से घटनास्थल की ओर जाती देखी गईं।
वायुसेना ने बताया कि विमान सुबह करीब 10 बजे एक नियमित उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसने एक बयान में कहा, ”जोरहाट में एएन-32 विमान दुर्घटना में पांच कर्मियों की मौत पर भारतीय वायुसेना गहरा दुख व्यक्त करती है।”
मृतक कर्मियों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम के रूप में हुई है। वायुसेना ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह ”दुख की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।”
Also Read: मिसाइल डिफेंस में भारत की बड़ी छलांग, बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने की BMD क्षमता हासिल की
भारतीय वायुसेना ने विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ के आदेश दिए हैं। वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ”आईएएफ (भारतीय वायुसेना) का एक एएन-32 विमान जोरहाट में उतरते समय आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ गठित की जा रही है।”
(PTI इनपुट के साथ)