Cabinet Decision: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को बुधवार को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा जिसमें 36 स्टेशन शामिल होंगे और इसकी कुल लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी। इस परियोजना का कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (RMRCL) द्वारा किया जाएगा, जो भारत सरकार और राजस्थान सरकार का एक ज्वाइंट वेंचर है।
वैष्णव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर को मंजूरी दी और इस परियोजना की कुल लागत 13,037.66 करोड़ रुपये होगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआईए, जयपुर हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, अंबाबारी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख गतिविधि केंद्रों को निर्बाध संपर्क प्रदान करेगा।
बयान के अनुसार इसमें एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन शामिल होंगे और यह नियोजित इंटरचेंज तथा फीडर सिस्टम के माध्यम से पहले से चल रहे फेज-1 के साथ जुड़ जाएगा, जिससे पूरे शहर में एकीकृत और निर्बाध मेट्रो नेटवर्क सुनिश्चित होगा।
(PTI इनपुट के साथ)