पश्चिम बंगाल में रंगापानी स्टेशन के निकट सोमवार को एक मालगाड़ी और सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 15 लोग मारे गए और करीब 60 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी के इंजन से पीछे से टक्कर लगने के बाद कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग 30 किलोमीटर दूर इस घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ट्रेन दुर्घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 60 लोग घायल हैं।” इससे पहले, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे जोन में हुआ। बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।”
उत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने बताया कि 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस अगरतला से सियालदह जा रही थी तभी यह दुर्घटना सुबह नौ बजे के करीब हुई।
द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, “पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में ट्रेन दुर्घटना के कारण लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं।”
The news of the loss of lives due to a train accident in Darjeeling, West Bengal is deeply distressing. My thoughts and prayers are with the bereaved families. I pray for the speedy recovery of the injured and success of relief and rescue operations.
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 17, 2024
पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल में रंगापानी स्टेशन के पास सोमवार को एक मालगाड़ी और सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस के बीच टक्कर हो गई। उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग सात किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ। फिलहाल घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।