NEET-UG 2026 Exam: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।
NTA ने बताया कि परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की व्यापक जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई है। एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी।
NTA ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
एजेंसी के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में जांच के दौरान मिले इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर यह निष्कर्ष निकला कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता।
NTA ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
NEET-UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा मानी जाती है। परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों में चिंता बढ़ गई है। अब सभी की नजरें नई परीक्षा तारीख और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा है कि दोबारा आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा की तारीख और नए एडमिट कार्ड जारी करने का पूरा शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक माध्यमों से घोषित किया जाएगा। एजेंसी ने छात्रों से केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की है।
NTA ने बताया कि केंद्र सरकार ने परीक्षा से जुड़े पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का फैसला लिया है।
एजेंसी ने कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग करेगी और CBI को सभी जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा मेडिकल और संबंधित अंडरग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए देशभर में आयोजित की जाती है। परीक्षा में लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था।
NTA ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि प्रश्न पत्रों को GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से भेजा गया था और उन पर यूनिक वॉटरमार्क पहचान भी मौजूद थी।
एजेंसी के मुताबिक परीक्षा केंद्रों की निगरानी AI आधारित CCTV सिस्टम के जरिए केंद्रीय कंट्रोल रूम से की गई थी।
NTA ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई गई थी। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसे राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) द्वारा कथित अनियमितताओं को लेकर की गई कार्रवाई की जानकारी है।
एजेंसी के अनुसार, कथित गड़बड़ियों से जुड़े इनपुट 7 मई की शाम को मिले थे, यानी परीक्षा के चार दिन बाद। इसके बाद 8 मई की सुबह मामले को स्वतंत्र जांच और जरूरी कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों के पास भेज दिया गया।
NTA ने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा की गई हालिया गिरफ्तारियां और हिरासत में लिए गए लोगों से जुड़ी कार्रवाई जांच एजेंसियों की समय पर और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम है।
एजेंसी ने संकेत दिया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।