प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान बनाने के अवसर पर बुधवार को कहा कि देश के लोगों ने अब राजनीतिक स्थिरता और एक स्थिर सरकार के निर्णायक होने का महत्व समझ लिया है। मोदी ने कहा कि ‘विकसित भारत’ का सपना किसी एक व्यक्ति या पार्टी का नहीं है, बल्कि यह देश के हर व्यक्ति का संकल्प बन गया है। उन्होंने यहां सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक बैठक में कहा, ”मेरे लिए, लोग ही ईश्वर का रूप हैं।”
मोदी ने कहा, ”देश के लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझ लिया है। यह उनकी परिपक्वता ही है कि उन्होंने मुझे इतने लंबे समय तक उनकी सेवा करने का मौका दिया।” उन्होंने कहा, ”2014 से पहले के कई दशक अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे थे, लेकिन अब लोग एक स्थिर सरकार का काम देख रहे हैं और उसके निर्णायक फैसलों की सराहना कर रहे हैं।”
Also Read: Gold ETFs में 13 महीने से जारी निवेश का सिलसिला टूटा, मई में निवेशकों ने निकाले ₹725 करोड़
मोदी ने कहा कि राजग के 12 साल के शासन की एक बड़ी कामयाबी यह रही कि इसने देश को कांग्रेस के ”चंगुल” से मुक्त कराया। मोदी ने कहा, ”जब 2014 में राजग की जीत हुई थी, तो मैंने कहा था कि आज आम आदमी के लिए एक नई उम्मीद की किरण जगी है। कांग्रेस के धोखे के बाद लोगों ने हम पर भरोसा जताया। राजग परिवार के तौर पर हमने लोगों के उस भरोसे को और मजबूत किया है।”
इससे पहले सत्तारूढ़ गठबंधन शासन के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री मोदी के भारत के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सत्तारूढ़ राजग के सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में भारत मंडपम में हुई अहम बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में, राजग शासित सभी 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों तथा सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने भी भाग लिया।
Also Read: भारत बना ग्लोबल इकॉनमी का ‘ब्राइट स्पॉट’, चंद्रशेखरन ने बताया क्यों दुनिया की नजरें यहीं टिकीं
मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने 1952 में हुए आम चुनावों के बाद, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष 1947 से 1952 तक नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि 1952 तक आम चुनाव नहीं हुए थे। इंदिरा गांधी 14 साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रही थीं जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है, लेकिन उनका (इंदिरा का) कार्यकाल लगातार नहीं था।
इस पद पर 4,399 दिन पूरे होने के साथ, मोदी भारत के सबसे लंबे लगातार कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। मोदी ने 26 मई 2014 को, शानदार जीत के साथ भारत के प्रधानमंत्री का पद संभाला। इसके बाद, 2019 के आम चुनाव में उन्हें और भी प्रचंड जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 को शुरू हुआ।
(PTI इनपुट के साथ)