PM Swearing in Ceremony: नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बाद देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA)को बहुमत मिलने के बाद मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर हैं।
नई सरकार के बनने से पहले पीएम मोदी ने बुधवार को अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा। राष्ट्रपति ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे नई सरकार बनने तक पद पर रहने को कहा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बैठक में सर्वसम्मति से पीएम मोदी को नेता चुन लिया। इसके साथ ही मोदी रिकॉर्ड तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभालने के लिए दावा करेंगे।
यह भी पढ़ें: Bihar Special Status: बिहार को मिलेगी विशेष दर्जे की सौगात! NDA की अगली बैठक के लिए तैयार हो रहा पैकेज
कब होगा शपथ समारोह?
सूत्रों ने बताया कि 7 जून को NDA की एक और बैठक हो सकती है, जिसके बाद राष्ट्रपति से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सकता है। शपथ ग्रहण समारोह की तारीख पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है मगर चर्चा है कि 8 जून या फिर 9 जून को शपथ ली जा सकती है।
ये हस्तियां हो सकती हैं शामिल
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, नेपाल के पीएम प्रचंड समेत मॉरीशस और भूटान के नेता शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: MODI 3.0: लगातार तीसरी बार बनेगी मोदी सरकार, पूर्ण बहुमत वाले NDA ने नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुना
PM मोदी को दुनिया भर के नेताओं ने भेजी बधाई
लोकसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिली जीत को लेकर विश्व के 50 से अधिक नेताओं ने निवर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
अमेरिका, ब्रिटेन श्रीलंका, मालदीव, ईरान और सेशेल्स के राष्ट्रपतियों और नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमा तथा मॉरीशस के प्रधानमंत्रियों ने मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने लोक सभा चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बधाई दी। वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी ‘एक्स’ एक पोस्ट में मोदी को बधाई दी और कहा कि पेइचिंग ‘स्वस्थ एवं स्थिर चीन-भारत संबंध’ की उम्मीद कर रहा है’।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी चुनावी जीत पर बधाई दी और कहा कि ब्रिटेन और भारत की दोस्ती और प्रगाढ़ होगी।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राजग गठबंधन की जीत को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए कहा कि वह अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मनाने के लिए भारत के अपने समकक्ष के साथ मिलकर काम करने के आकांक्षी हैं।
जी-20 देशों में इटली और जापान के प्रधानमंत्रियों तथा दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने चुनावी जीत पर मोदी को बधाई दी है।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘चुनाव में जीत पर नरेंद्र मोदी को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इटली और भारत की मित्रता को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे तथा विभिन्न मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करेंगे।’
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भारत में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों के सफलतापूर्वक संपन्न होने का स्वागत किया।
उन्होंने कहा, ‘भारत के संसदीय चुनाव में लगातार तीसरी जीत पर मोदी, भाजपा और भाजपा नीत राजग को बधाई। मैं भारत के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करता हूं और हमारे देशों के बीच निरंतर सहयोग की उम्मीद करता हूं। हमारी साझेदारी निरंतर बढ़ती रहे।’
जेलेंस्की ने कहा, ‘विश्व में हर कोई वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका के महत्व को स्वीकार करता है। यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी मिलकर सभी देशों के लिए न्यायपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए काम करें। इस संबंध में, हम भारत को शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेते हुए देखने के लिए भी उत्सुक हैं।’