भाजपा विधायक स्वपन दास गुप्ता, तापस रॉय और शंकर घोष उन 35 विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल के विस्तार के तहत सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली। राज्य में पहली भाजपा सरकार की विस्तारित मंत्रिपरिषद में भौगोलिक, जातीय और लैंगिक आधार पर सावधानीपूर्वक संतुलन स्थापित किया गया है।
राज्यपाल आर. एन. रवि ने लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 35 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्रिमंडल के मौजूदा सदस्य और राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अफसरशाह उपस्थित थे। भाजपा के 13 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि तीन को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 अन्य को राज्य मंत्री के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया।
कैबिनेट मंत्री तापस रॉय ने बताया, ‘मंत्रियों के विभागों का बंटवारा बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में होगा।’ शुभेंदु अधिकारी के अलावा पांच कैबिनेट मंत्रियों ने पहले ही 9 मई को शपथ ली थी। मंत्रिपरिषद के सदस्यों की कुल संख्या वर्तमान में 41 है, जो 294 सदस्यीय राज्य विधान सभा में संविधान द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा 44 से तीन कम है। मंत्रिपरिषद के सदस्य बंगाल के समाज के विभिन्न वर्गों से हैं। मंत्रियों में डॉक्टर, शिक्षाविद् और पत्रकार शामिल हैं।