भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट जल्द ही अपना आईपीओ लाने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक कंपनी अगले हफ्ते से निवेशकों के बीच औपचारिक मार्केटिंग शुरू कर सकती है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस आईपीओ के जरिए कंपनी करीब 1.5 अरब डॉलर तक जुटाने की योजना बना रही है। इसमें इश्यू का लगभग तीन चौथाई हिस्सा घरेलू निवेशकों को देने पर जोर रहेगा।
कंपनी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए करीब 350 मिलियन डॉलर जुटाने पर भी विचार कर रही है। इसके लिए निवेश बैंकरों के साथ बातचीत जारी है। हालांकि, इस योजना को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और इसमें बदलाव संभव है।
सूत्रों के मुताबिक, कंपनी अपनी वैल्यूएशन 13 से 15 अरब डॉलर के बीच रखना चाहती है। यह उसके प्रतिद्वंद्वी ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी से कम है, जिसकी बाजार वैल्यू करीब 17.6 अरब डॉलर आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि आईपीओ से जुड़ी बातचीत अभी जारी है और ऑफर से जुड़े कई पहलुओं में बदलाव हो सकता है। इस पर कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, इस इश्यू को संभालने के लिए कंपनी ने नौ निवेश बैंकों को नियुक्त किया है। इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल, एक्सिस बैंक, SBI कैपिटल मार्केट्स, जेएम फाइनेंशियल और HSBC जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
अगर यह आईपीओ आता है, तो इसे भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा कदम माना जाएगा।