Upcoming IPO: भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते मेनबोर्ड IPO की भले ही शांति हो, लेकिन SME सेक्टर में हलचल बढ़ने वाली है। इस सप्ताह 4 छोटी कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं, जिनका लक्ष्य बाजार से करीब 253 करोड़ रुपये जुटाने का है। ये चारों IPO निवेश के लिए 17 जून को खुलेंगे और 19 जून को बंद होंगे। इनमें क्ले क्राफ्ट इंडिया, दीक्षा पॉलिमर्स, लियोटेक इंडस्ट्रीज और लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज शामिल हैं। इसके अलावा, अगले सप्ताह जिन कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग प्रस्तावित है, उनमें उत्कल स्पेशियलिटी, सुसान इलेक्ट्रिकल्स इंडिया और होराइजन रिक्लेम इंडिया शामिल हैं।
सिरेमिक टेबलवेयर और क्रॉकरी बनाने वाली क्ले क्राफ्ट इंडिया का 110.11 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 जून को निवेशकों के लिए खुलेगा। यह इश्यू 19 जून को बंद होगा। 193 रुपये से 203 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड वाला यह आईपीओ पूरी तरह 54.24 लाख नए शेयरों (फ्रेश इश्यू) का है।
इश्यू से जुटाई गई राशि का उपयोग राजस्थान के मांडा में एक अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय तथा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
Also Read: FPI की बिकवाली जारी, 2026 में अब तक शेयर बाजार से ₹2.87 लाख करोड़ निकाले
इंजीनियरिंग समाधान प्रदान करने वाली लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज अपने आईपीओ के जरिए 88.51 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस पब्लिक इश्यू में 79.60 करोड़ रुपये के नए शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी किए जाएंगे, जबकि प्रमोटर प्रभव नरसिम्हा राव द्वारा 8.91 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) की जाएगी। यह आईपीओ 17 जून से 19 जून तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा।
कंपनी आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग नई असेंबली यूनिट स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय, कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) की जरूरतों तथा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
हार्डवेयर स्ट्रक्चर और एक्सेसरीज बनाने वाली लायोटेक इंडस्ट्रीज का 36.02 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 जून से 19 जून तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा। यह इश्यू 28.89 करोड़ रुपये के नए शेयरों (फ्रेश इश्यू) और प्रमोटर पुष्पाबेन मनसुखभाई भुवा तथा मनसुखभाई कडवाभाई भुवा द्वारा 7.13 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) का मिक्स है। आईपीओ का निर्धारित मूल्य 321 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।
Also Read: Market Outlook: महंगाई के आंकड़ों, फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से तय होगी शेयर बाजार की चाल
बोतलें/कंटेनर और पीईटी प्रीफॉर्म बनाने वाली दीक्षा पॉलिमर्स का आईपीओ 17 जून से 19 जून तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा। कंपनी ने आईपीओ का इश्यू प्राइस 112 रुपये प्रति शेयर तय किया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 17.90 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है, जो पूरी तरह फ्रेश इश्यू के रूप में होगा।
आईपीओ से प्राप्त राशि का उपयोग कुछ बकाया ऋणों के भुगतान और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।