SIF vs Mutual Funds: स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) की दुनिया में होड़ और गहराने वाली है। निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए लगभग एक दर्जन फंड हाउस इसके मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। फंड हाउसों की SIF के प्रति बढ़ती दिलचस्पी के बीच निवेशकों के मन में कई अहम सवाल उठ रहे हैं। क्या SIFs वास्तव में निवेशकों की जरूरतों को पूरा करते हैं या ये सिर्फ एक नया प्रोडक्ट पुश हैं? क्या ये म्युचुअल फंड्स से बेहतर विकल्प हैं, या केवल ज्यादा जोखिम और ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी वाले साधन? और आखिर में, क्या इनमें हर निवेशक को पैसा लगाना चाहिए या यह सिर्फ अनुभवी निवेशकों के लिए ही बेहतर हैं? इन सवालों के जवाब तलाशने से पहले यह समझना जरूरी है कि आखिर SIF क्या हैं?
स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIFs) म्युचुअल फंड फ्रेमवर्क के भीतर एक नया प्रोडक्ट सेगमेंट हैं, जो फंड मैनेजरों को निवेश स्ट्रैटेजी के मामले में ज्यादा छूट (flexibility) प्रदान करता है। इन फंडों का मिनिमम निवेश टिकट साइज 10 लाख रुपये है और इनका ढांचा इक्विटी, डेट या हाइब्रिड हो सकता है। SIF की खास बात ये है कि इसमें बाजार की चाल चाहे ऊपर हो या नीचे, दोनों हालत में मुनाफा कमाने की कोशिश की जाती है।
27 फरवरी 2025 को जारी सेबी के सर्कुलर के मुताबिक, स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (SIFs) पारंपरिक म्युचुअल फंड और हाई-टिकट पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) के बीच आते हैं।
Also Read: Quant MF ने उतारा नया SIF, सेक्टर रोटेशन स्ट्रैटेजी पर फोकस; किसे करना चाहिए निवेश?
आने वाले हफ्तों में कई बड़े फंड हाउस SIF बाजार में कदम रखने को तैयार हैं। कोटक म्युचुअल फुंड (इनफिनिटी हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड), मिरे ऐसेट म्युचुअल फंड (प्लेटिनम हाइब्रिड लॉन्ग शॉर्ट फंड) और एचएसबीसी म्युचुअल फंड (रेडहेक्स हाइब्रिड लॉन्ग शॉर्ट फंड) को अपनी पहली एसआईएफ पेशकश के लिए सेबी से नियामकीय मंजूरी मिल गई है। यूनियन म्युचुअल फंड भी जल्द ही अपनी पहली योजना अर्थाय इक्विटी लॉन्ग शॉर्ट फंड ला सकता है।
पहला SIF सितंबर 2025 में क्वांट म्युचुअल फंड ने शुरू किया था। तब से 11 और फंड हाउस इस सेगमेंट में उतर चुके हैं। 31 मार्च 2026 तक, इस सेगमेंट में योजनाओं की कुल संख्या 14 थी। इस सेगमेंट में कुल 44,573 फोलियो हैं। पिछले महीने तक SIF का कुल एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) 10,620 करोड़ रुपये से ज्यादा था।
पारंपरिक पोर्टफोलियो बाजार के बदलते हालात के अनुसार जोखिम को एक्टिव रूप से मैनेज नहीं कर पाते हैं। SIF इस कमी को दूर कर सकता है। टाटा एसेट मैनेजमेंट में फंड मैनेजर-SIF सूरज नंदा कहते हैं, “म्युचुअल फंड्स में निवेशक आमतौर पर लगभग 90-100% इक्विटी एक्सपोजर में रहते हैं, चाहे बाजार की स्थिति कैसी भी हो। इसके विपरीत, SIFs फंड को यह सुविधा देते हैं कि वह जरूरत के अनुसार एक्सपोजर बदल सके, जोखिम को हेज कर सके और यहां तक कि शॉर्ट पोजीशन भी ले सके। इससे निवेशक केवल तेजी वाले बाजार में ही नहीं, बल्कि हर तरह के बाजार हालात में भागीदारी कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ एक प्रोडक्ट पुश नहीं है, बल्कि अस्थिर (volatile) बाजारों में पोर्टफोलियो मैनेजमेंट के तरीके में एक स्ट्रक्चरल बदलाव है, जो बेहतर रिस्क-एडजस्टेड रिटर्न देने की क्षमता रखता है।
एडलवाइस म्युचुअल फंड के प्रेसिडेंट और सेल्स हेड दीपक जैन ने कहा कि अन्य चीजें स्थिर रहने पर SIF निश्चित रूप से निवेशकों की हाई रिटर्न या कम जोखिम की आवश्यकता को पूरा कर रहे हैं।
Also Read: Tata MF का नया SIF: Titanium Equity Long-Short Fund हर बाजार में कैसे देगा कमाई का मौका?
SIFs पारंपरिक म्युचुअल फंड्स और हाई-टिकट पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) के बीच मौजूद अंतर को कम करते हैं। साथ ही, ये म्युचुअल फंड्स की उस सीमा को भी दूर करते हैं जिसमें एक्टिव रिस्क मैनेजमेंट और बदलते बाजार हालात के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता सीमित होती है।
मिरे असेट में प्रोडक्ट्स हेड और बिजनेस स्ट्रैटेजी और इंटरनेशनल बिजनेस वैभव शाह बताते हैं, “पारंपरिक म्युचुअल फंड्स में शॉर्ट पोजीशन लेने जैसी एडवांस रणनीतियों के मामले में लचीलापन नहीं था, जबकि AIF स्ट्रक्चर महंगी, टैक्स के लिहाज से कम कुशल और बहुत बड़े निवेश आकार (₹1 करोड़) वाली थीं।”
उन्होंने आगे कहा कि SIFs इस अंतर को पाटते हैं, क्योंकि ये लॉन्ग-शॉर्ट इक्विटी और डायनेमिक एसेट एलोकेशन जैसी अलग-अलग रणनीतियों को एक रेगुलेटेड और पारदर्शी ढांचे में लाते हैं, और ₹10 लाख के प्रवेश स्तर पर निवेश की सुविधा देते हैं (जो AMC की सभी रणनीतियों पर लागू होता है)।
नंदा के अनुसार, यदि किसी निवेशक के पास ₹10 लाख हैं, तो SIFs म्युचुअल फंड्स की उस कमी को पूरा कर सकते हैं जिसमें एक्टिव रिस्क मैनेजमेंट और बदलते बाजार हालात के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता शामिल नहीं होती।
जहां म्युचुअल फंड्स आमतौर पर वैल्यूएशन चाहे जैसे भी हों, पूरी तरह निवेशित रहते हैं, वहीं SIFs में यह सुविधा होती है कि वे-
• जब बाजार महंगे हों तो इक्विटी एक्सपोजर कम कर सकते हैं,
• जब वैल्यूएशन आकर्षक हों तो एक्सपोजर बढ़ा सकते हैं,
• और जरूरत पड़ने पर नेट शॉर्ट (-25% तक) पोजीशन या आर्बिट्राज स्ट्रैटेजी अपना सकते हैं।
आसान शब्दों में कहें तो, म्युचुअल फंड्स बाजार के साथ चलते हैं, जबकि SIFs बाजार की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालते हैं।
Also Read: SIF में HSBC MF की एंट्री, बाजार में उतारा RedHex प्लेटफॉर्म
म्युचुअल फंड्स आमतौर पर केवल लॉन्ग-ओनली स्ट्रैटेजी या हेज्ड पोर्टफोलियो तक सीमित होते हैं, जबकि SIFs में शॉर्ट पोजीशन (AUM के 25% तक) लेने की सुविधा होती है और डेरिवेटिव्स का उपयोग करके पूरी तरह हेज्ड पोर्टफोलियो भी बनाया जा सकता है। इससे फंड मैनेजर्स को ज्यादा टैक्टिकल फ्लेक्सिबिलिटी मिलती है।
PMS (₹50 लाख न्यूनतम निवेश, व्यक्तिगत रूप से मैनेज्ड) और AIFs (₹1 करोड़, अपेक्षाकृत कम पारदर्शी) की तुलना में, SIFs निवेशकों को एक पूल्ड, रेगुलेटेड स्ट्र्क्चर में निवेश का मौका देते हैं, जिसमें म्युचुअल फंड्स जैसी टैक्स एफिशिएंटी और पारदर्शिता भी मिलती है।
SIFs का मकसद फ्लेक्सिबिलिटी के जरिए बेहतर निवेश परिणाम देना है। इनका लक्ष्य फ्लेक्सीकैप जैसे रिटर्न कम वोलैटिलिटी के साथ हासिल करना होता है, जिसमें एक्सपोजर को एक्टिव रूप से मैनेज किया जाता है और लॉन्ग व शॉर्ट दोनों रणनीतियों का उपयोग किया जाता है।
इनकी असली खासियत अस्थिर (volatile) बाजार परिस्थितियों में दिखती है। उदाहरण के लिए, जब बाजार में लगभग 12-14% की गिरावट आई, तब इस रणनीति में केवल करीब 4% की गिरावट दर्ज की गई, जो प्रभावी डाउनसाइड प्रोटेक्शन को दर्शाता है। हालांकि, ये ज्यादा जोखिम वाली रणनीतियां हैं और इनके परिणामों का आकलन आमतौर पर 2-3 साल के बाजार चक्र में करना बेहतर माना जाता है।
SIFs को सिर्फ HNIs निवेशकों को पैसा आकर्षित करने वाला “PMS-lite” प्रोडक्ट नहीं समझना चाहिए। नंदा कहते हैं, SIFs को PMS का विकल्प नहीं, बल्कि एक फंड स्ट्रक्चर के भीतर एक ज्यादा फ्लेक्सिबल और “go-anywhere” रणनीति के रूप में देखना बेहतर होगा। ये फंड्स फ्लेक्सीकैप जैसे परिणाम देने के लिए बनाए गए हैं, लेकिन बेहतर रिस्क-रिवार्ड प्रोफाइल के साथ।
इनकी खासियत यह है कि ये बाजार की परिस्थितियों के अनुसार लॉन्ग, शॉर्ट और आर्बिट्राज जैसी रणनीतियों के बीच आसानी से शिफ्ट हो सकते हैं। इसका मुख्य फोकस किसी खास पोजिशनिंग पर नहीं, बल्कि हर बाजार चक्र में फ्लेक्सिबिलिटी के जरिए स्थिर और लगातार बेहतर परिणाम देने पर है।
सबसे पहले निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में मौजूद कमियों को पहचानना चाहिए। शाह कहते हैं, “निवेशकों को यह समझना चाहिए कि वे किस प्रकार के रिटर्न और जोखिम के साथ सहज हैं, और फिर उसी जरूरत के अनुसार सबसे बेहतर SIF रणनीति का चयन करना चाहिए।”
इसके साथ ही, निवेशकों को उस फंड मैनेजर के पिछले प्रदर्शन का भी आकलन करना चाहिए जो इस रणनीति को मैनेज कर रहा है, क्योंकि इस कैटेगरी में अधिकांश फंड अपेक्षाकृत नए हैं।
SIFs उन निवेशकों के लिए हैं जो समझते हैं कि ये पारंपरिक उत्पादों से अलग स्ट्रक्चर वाले निवेश साधन हैं। निवेशक की प्रोफाइल SIF के प्रकार पर निर्भर करती है, क्योंकि इसमें चुनने के लिए 7 कैटेगरी उपलब्ध हैं।
शाह कहते हैं, “ज्यादा जोखिम उठाने वाले निवेशकों (aggressive investors) के लिए Equity Ex Top 100 Long Short या Equity Long Short जैसे विकल्प उपयुक्त हो सकते हैं, जबकि मध्यम (moderate) रिस्क प्रोफाइल वाले निवेशकों के लिए Hybrid Long Short बेहतर विकल्प हो सकता है।”
वह आगे कहते हैं कि SIFs का एक प्रमुख लाभ यह है कि ये डेरिवेटिव्स का उपयोग करके इक्विटी में होने वाले डाउनसाइड रिस्क को कम कर सकते हैं।
SIFs उन निवेशकों के लिए बेहतर हैं जो:
• यह नहीं चाहते कि उनका रिटर्न सिर्फ बाजार के ऊपर जाने पर ही निर्भर हो।
• बाजार के अलग-अलग चक्रों से लाभ उठाने के लिए 2-3 साल का निवेश समय रखते हों।
• बाजार में गिरावट (drawdowns) के दौरान पोर्टफोलियो की वोलैटिलिटी को कम करना चाहते हों।
Also Read: Edelweiss MF ने लॉन्च किया दूसरा SIF, स्मॉल-मिड कैप शेयरों पर फोकस; क्या है इसमे खास?
एक आम मिथक है कि डेरिवेटिव्स में बहुत ज्यादा जोखिम होता है। SEBI के हालिया अध्ययन में यह पाया गया कि 90% से ज्यादा रिटेल डेरिवेटिव ट्रेडर्स को नुकसान होता है, लेकिन यह आंकड़ा डेरिवेटिव्स को एक इंस्ट्रूमेंट के रूप में जोखिमपूर्ण नहीं दिखाता, बल्कि लेवरेज्ड सट्टेबाजी (speculation) के खतरों को दर्शाता है।
शाह का मानना है कि असल में, वही डेरिवेटिव्स जो एक सट्टेबाज के हाथों में नुकसान बढ़ा सकते हैं, एक कुशल फंड मैनेजर के हाथों में जोखिम को कम करने का साधन बन सकते हैं। चूंकि SIF फ्रेमवर्क में लेवरेज की अनुमति नहीं होती, इसलिए यहां डेरिवेटिव्स का उपयोग मुख्य रूप से हेजिंग, प्रोटेक्शन और स्ट्रक्चरिंग के लिए किया जाता है न कि सट्टा लगाने के लिए।
इसे ऐसे समझा जा सकता है: स्केलपेल (scalpel) सबसे खतरनाक उपकरण भी हो सकता है और सबसे उपचारकारी भी– यह पूरी तरह इस पर निर्भर करता है कि उसे कौन उपयोग कर रहा है। इसी तरह, SIF में डेरिवेटिव्स पोर्टफोलियो मैनेजमेंट का स्केलपेल हैं- सटीक, उद्देश्यपूर्ण और विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित।