अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से संबद्ध एक प्रकाशन के लेख में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने तर्क दिया है कि अर्थशास्त्रियों को व्यापार नीति के एक साधन के रूप में टैरिफ के प्रति तिरस्कार की भावना पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। अमेरिका का अपने अधिकांश बड़े व्यापारिक साझेदारों के साथ अनवरत व्यापार घाटा दूर करने के लिए राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा टैरिफ का व्यापक उपयोग किए जाने के संदर्भ में यह बात कही गई है।
ग्रीर का कहना है कि अमेरिका अपने यहां ‘उत्पादक निवेश को प्रोत्साहित करने, घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन बढ़ाने और अमेरिकी निर्यात के लिए बाजार खोलने खातिर शुल्क और पारस्परिक व्यापार समझौतों का उपयोग कर रहा है’, और राष्ट्रपति ट्रंप की व्यापार नीति ‘संतुलन, पारस्परिकता, निष्पक्षता और लचीलेपन पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक प्रणाली की नींव रखने के लिए साहसिक कदम उठा रही है।’
हालांकि, दुनिया भर में बहुत कम लोग ट्रंप के मंत्रिमंडल के एक सदस्य द्वारा राष्ट्रपति के कार्यों और इरादों के इस आकलन को सीधे तौर पर स्वीकार करेंगे। फिर भी, यह जानना जरूरी है कि ये टैरिफ वास्तविक दुनिया में कैसे काम कर रहे हैं, क्योंकि ये अमेरिका में एक साल से घोषित नीतियों का हिस्सा हैं, भले ही अदालतों द्वारा इन्हें अलग-अलग कुछ हद तक प्रतिबंधित, परिवर्तित और सीमित किया गया हो।
अमेरिकी वस्तुओं के लिए बाजार खोलने के विषय पर ग्रीर का तर्क सबसे मजबूत है। यह निश्चित रूप से सच है कि कई देशों ने अमेरिका के खिलाफ व्यापार युद्ध छेड़ने के बजाय बातचीत का रास्ता चुना है, और अमेरिकी बाजार तक पहुंच बनाए रखने के लिए कुछ हद तक शुल्क स्वीकार किए हैं, साथ ही अमेरिका निर्मित वस्तुओं पर अपने प्रतिबंध भी हटाए हैं। हालांकि इनमें से कई समझौते, उच्चतम स्तर पर स्वीकृति मिलने के बावजूद, वास्तव में लागू करने में जटिल रहे हैं, इसलिए अभी तक इनका अमेरिकी निर्यात पर कोई बड़ा प्रभाव दिखना मुश्किल है।
इसके अलावा एक उदाहरण के तौर पर, भले ही अमेरिकी कार कंपनियों को अब तकनीकी रूप से जापानी कार बाजार में बिना किसी प्रतिबंध के पहुंच प्राप्त हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उस देश के निवासी छोटी, किफायती कारों के प्रति अपनी पसंद को छोड़कर अमेरिकी वाहन उद्योग द्वारा उत्पादित भारी ईंधन खपत करने वाली कार खरीदेंगे। इसलिए घरेलू उत्पादन में वृद्धि की धारणा को खारिज किया जाना चाहिए। आंकड़े बताते हैं कि 2025 की शुरुआत से अमेरिकी औद्योगिक उत्पादन में हर महीने केवल 0.13 फीसदी की वृद्धि हुई है, जो 2010 के दशक के दौरान इसकी वृद्धि दर के लगभग बराबर है।
इस बीच, अमेरिकी नागरिक शुल्क के कारण उन पर थोपी गई बढ़ी हुई लागत का खमियाजा भुगत रहे हैं। महामारी के दौरान आपूर्ति में कमी और मांग में वृद्धि के कारण देश में मुद्रास्फीति की दर में भारी उछाल आई थी, जो 2022 के अंत से स्थिर हो गई थी, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल की शुरुआत में, उनकी नई व्यापार नीति लागू होने के साथ ही, यह फिर से बढ़ गई।
इसके अलावा, मॉर्गन स्टैनली के अर्थशास्त्रियों के नए साक्ष्य इस बात पर प्रकाश डालते हैं कि शुल्क से प्रभावित अमेरिकी कंपनियां अपने व्यवहार में कैसे बदलाव ला रही हैं। मुनाफे में कमी झेलने के बजाय, ऐसा लगता है कि वे अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही हैं और श्रम लागत को नियंत्रित कर रही हैं। दूसरे शब्दों में, अमेरिकी श्रमिक, जिन्हें शुल्क द्वारा संरक्षित माना जाता है, वे वास्तव में कम वेतन और घटती क्रय शक्ति के रूप में इसकी कीमत चुका रहे हैं।
राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल की पहली छमाही में उच्च मुद्रास्फीति की अवधि में भी, वेतन वृद्धि मुद्रास्फीति से अधिक थी, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप के शासनकाल में ऐसा नहीं है। सकल राष्ट्रीय आय में श्रम का हिस्सा पिछले आठ दशकों में सबसे निचले स्तर पर है।
ग्रीर का यह दावा कि शुल्क लगाने से अधिक न्यायसंगत आर्थिक व्यवस्था बनेगी, उन देशों के लोगों द्वारा पूरी तरह से नकार दिया जाएगा जिन्हें उनके राष्ट्रपति ने शुल्क के लिए लक्षित किया है। यह भी स्पष्ट है, जैसा कि अर्थशास्त्रियों ने भविष्यवाणी की थी कि अमेरिकी नागरिकों को ही शुल्क से सबसे पहले और सबसे अधिक नुकसान होगा।