अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया। लगभग छह दशक बाद दो द्रविड़ पार्टियों द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के बिना राज्य में किसी अन्य दल की सरकार बनी है। वर्ष 1967 से बारी-बारी ये दोनों ही दल तमिलनाडु की राजनीति को नियंत्रित करते रहे आ रहे थे।
सफेद कमीज, काले रंग की ब्लेजर और पैंट पहने विजय ने जब शपथ ली तो चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मौजूद उनके हजारों समर्थकों ने जोरदार जयकारे और सीटियां बजाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने बिना पढ़े और बिना टेलीप्रॉम्प्टर का इस्तेमाल किए ही फिल्मी अंदाज में पद की शपथ ली। इस कार्यक्रम का शहर में जगह-जगह लगी बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। हाल ही में हुए चुनाव में विजय की पार्टी ने 234 सदस्यीय विधान सभा में 108 सीटें जीतीं, लेकिन वह बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों के जादुई आंकड़े कुछ पीछे रह गए थे।
तमिलनाडु के राज्यपाल आरवी अर्लेकर ने विजय के साथ-साथ नौ मंत्रियों एन आनंद (बुस्सी आनंद), आधव अर्जुन, केजी अरुणराज, केए सेंगोत्तैयान, पी वेंकटरामनन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, टीके प्रभु और एस कीर्तना को भी पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट निःशुल्क बिजली देने के प्रस्ताव को मंजूरी देकर अपने कार्यकाल की शुरुआत की। यह उनकी पार्टी द्वारा चुनाव में किए गए बड़े वादों में से एक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये कर्ज है और उनकी सरकार जल्द ही इस पर एक श्वेत पत्र जारी करेगी। उन्होंने दो विशेष कार्यबल भी गठित किए हैं, जिनमें एक मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों से निपटने और दूसरा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में विजय ने कहा, ‘यह एक नई शुरुआत है। उन्होंने यह भी कहा कि अब सामाजिक न्याय का वास्तविक युग शुरू हुआ है। जब करोड़ों लोग मेरे साथ खड़े हैं तो मुझे पूरा भरोसा है कि हम सब मिलकर हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। पिछली सरकार 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज का बोझ राज्य के कंधों पर छोड़कर सत्ता से बाहर हुई है। उनके जाने से पहले ही खजाना पूरी तरह खाली हो चुका था। ऐसी नाजुक घड़ी में हमने कमान संभाली है।’
मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी (जेन-जी) और उन बच्चों के प्रति भी आभार व्यक्त किया जो उन्हें प्यार से ‘विजय मामा’ कहते हैं। उन्होंने कहा,‘मुझे ‘विजय मामा’ कहने वाले नन्हे दोस्तों को विशेष धन्यवाद। उन्हीं की वजह से यह सब संभव हो पाया है। मैं आपके भविष्य के लिए काम करके आपका आभार चुकाऊंगा। विश्वास रखें, यह विजय मामा हमेशा आपके साथ रहेगा।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई दी। मोदी ने कहा, ‘केंद्र तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी।’कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उपस्थित थे।
इस बीच, अन्नाद्रमुक में फूट पड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, क्योंकि इसके 47 विधायकों में से लगभग 37 ने टीवीके को समर्थन देने में दिलचस्पी दिखाई है। खबरों के मुताबिक इस गुट की अगुआई सीवी शनमुघम, मंत्री ओएस मनियन, एसपी वेलुमणि, सी विजय भास्कर और आरबी उदयकुमार कर रहे हैं।
विजय की नई टीम के चेहरे:
एन आनंद: ‘बुस्सी’ एन आनंद के नाम से मशहूर टीवीके के महासचिव यह नेता विजय के लंबे समय से सहयोगी रहे हैं।
केए सेंगोत्तैयान: विजय की टीम के सबसे लोकप्रिय राजनीतिक चेहरों में से एक हैं और अन्नाद्रमुक के साथ नौ बार विधायक रह चुके हैं।
आधव अर्जुन: अर्जुन लॉटरी व्यवसायी सैंटियागो मार्टिन के दामाद हैं और ‘वॉयस ऑफ कॉमन्स’ नामक एक राजनीतिक परामर्श कंपनी चलाते हैं।
के जी अरुणराज: तिरुचेंगोडे से विधायक अरुणराज पूर्व भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी एवं टीवीके के नीति एवं प्रचार महासचिव हैं।
आर निर्मलकुमार: भाजपा से जनवरी 2025 में टीवीके में शामिल हुए निर्मलकुमार ने पार्टी के सोशल मीडिया अभियानों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पी वेंकटरामनन: पी वेंटकटरामनन टीवीके के कोषाध्यक्ष और मायलापुर से निर्वाचित विधायक हैं।
ए राजमोहन: लोकप्रिय यूट्यूबर, एग्मोर से निर्वाचित विधायक और टीवीके प्रचार सचिव हैं।
टी के प्रभु: एक दंत चिकित्सक से राजनेता बने जो शिवगंगा पूर्व जिला पार्टी सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
एस कीर्तना: राजनीतिक सलाहकार रहीं 30 वर्षीय कीर्तना सात दशकों में शिवकाशी से पहली महिला और तमिलनाडु की सबसे युवा विधायक हैं।