उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार रविवार को हो गया। इस फेरबदल में छह नए मंत्रियों को शामिल किया गया है जबकि दो का कद बढ़ाया गया है। इस पूरी प्रक्रिया में जहां क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखते हुए पश्चिम से सबसे ज्यादा तीन नेताओं को मंत्री बनाया गया है, वहीं पूर्वांचल से किसी को शामिल नहीं किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अब मंत्रियों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार शाम उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद में नए शामिल किए गए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में शामिल किए गए कैबिनेट मंत्रियों में ऊंचाहार रायबरेली के विधायक मनोज पांडे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से आने वाले विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र चौधरी हैं। मनोज पांडे ने 2022 का विधान सभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीता था, लेकिन बाद में बगावत कर भारतीय जनता पार्टी में आ गए थे। पांडे पूर्व में अखिलेश यादव की सपा सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।
मंत्रिपरिषद विस्तार में चार नए राज्यमंत्रियों कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को शपथ दिलाई गई। वहीं दो राज्यमंत्रियों सोमेंद्र सिंह तोमर और अजीत सिंह पाल को स्वतंत्र प्रभार का राज्य मंत्री बनाया गया है। योगी मंत्रिपरिषद में अब तक 54 मंत्री थे, जिसमें छह मंत्रियों की जगह खाली थी।
नए राज्यमंत्रियों में कृष्णा पासवान खागा (फतेहपुर), सुरेंद्र दिलेर खैर (अलीगढ़), कैलाश राजपूत तिर्वा (कन्नौज) से विधायक हैं, जबकि वाराणसी के हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं। वहीं पूर्व में ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री और मेरठ के विधायक सोमेंद्र सिंह तोमर तथा सिंकदरा (कानपुर देहात) से विधायक व आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग के राज्यमंत्री अजीत कुमार पाल को प्रोन्नत कर स्वतंत्र प्रभार का राज्य मंत्री बना दिया गया है।
योगी के मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए मंत्रियों में कृष्णा पासवान व सुरेंद्र दिलेर अनुसूचित जाति से आते हैं, जबकि भूपेंद्र चौधरी व सोमेंद्र तोमर जाट समुदाय से हैं। हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत और अजीत पाल पिछड़े वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। वहीं मनोज पांडे ब्राह्मण वर्ग से इकलौते नए मंत्री हैं। मंत्रिपरिषद विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया है। मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दोनों के पूर्वांचल से होने के चलते पश्चिम उत्तर प्रदेश से दो नए मंत्री शामिल कर और एक का कद बढ़ाकर संतुलन साधने का प्रयास किया गया है। वहीं कन्नौज व कानपुर देहात को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि बुंदेलखंड के फतेहपुर से भी एक राज्यमंत्री बनाया गया है। राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र रायबरेली से मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, जबकि यहां से दिनेश सिंह पहले ही स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री हैं।