देश के सबसे बड़े खेल आयोजन का खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल में गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपना खिताब बचाने के लिए उतरेगी। इस बीच ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स पर आयोजन स्थल के आसपास के होटलों और वहां के लिए उड़ानों की बुकिंग में भारी इजाफा देखा जा रहा है। इस बीच देश भर के रेस्तरां विभिन्न डील्स, डिस्काउंट्स और लाइव स्क्रीनिंग के दांव चल रहे हैं।
ईजमाईट्रिप के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिकांत पिट्टी ने कहा, ‘हमारे प्लेटफॉर्म पर उड़ान खोज और अंतिम समय की होटल बुकिंग में नियमित सप्ताहांत यात्रा चक्र की तुलना में दो अंकों की वृद्धि देखी गई है।’
ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म यात्रा पर अहमदाबाद को लेकर दिल्ली एनसीआर, मुंबई, बेंगलूरु, चेन्नई, हैदराबाद, पुणे और कोलकाता तक से लोग जानकारी का आग्रह कर रहे हैं। यात्रा ऑनलाइन लिमिटेड के उड़ान और होटल कारोबार के उप प्रमुख भारत मलिक के अनुसार, ‘आईपीएल फाइनल के लिए होटल बुकिंग में तेज इजाफा हुआ है। इस दौरान कुल बुकिंग मूल्य में भी शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है।’ उन्होंने कहा कि यह यात्रियों की मजबूत मांग का उदाहरण है क्योंकि लोग उच्च मूल्य वाली श्रेणी और रुकने की प्रीमियम जगहों का चुनाव कर रहे हैं।
फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन्स इन इंडियन टूरिज्म ऐंड हॉस्पिटैलिटी (फेथ) के महासचिव राजीव मेहरा के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद हवाई किराये 3,000-5,000 रुपये के सामान्य स्तर से बढ़कर करीब 13,000 से 15,000 रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं दिल्ली-अहमदाबाद का किराया भी 4,000-5,000 रुपय से बढ़कर 14,000 रुपये तक जा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सितारा श्रेणी के होटलों के किराये 30 से 40 फीसदी बढ़ गए हैं।
ईजमाईट्रिप के सह-संस्थापक और सीईओ रिकांत पिट्टी ने कहा, ‘जब भी ऐसा बड़ा आयोजन होता है, एयरलाइंस, होटल और ट्रैवल प्लेटफॉर्म स्वाभाविक रूप से डायनेमिक प्राइसिंग, बंडल्ड स्टे विकल्प और इवेंट-आधारित यात्रा ऑफरिंग्स के साथ प्रतिक्रिया देते हैं ताकि मांग में आई तेजी को पूरा किया जा सके।’
अहमदाबाद की यात्रा करने वालों का उत्साह जितना ऊंचा है उतना ही दूर से अपनी टीम का उत्साहवर्धन करने वालों का भी है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बड़ी संख्या में रेस्तरां ने रविवार के लिए लाइव स्क्रीनिंग की योजना बनाई है, जिसे विशेष पेशकशों के साथ जोड़ा गया है। द बीयर कैफे के संस्थापक और सीईओ राहुल सिंह ने कहा, ‘आईपीएल फाइनल के लिए, हम बीयर बकेट्स, पिचर्स और ग्रुप-शेयरिंग फॉर्मेट्स की मजबूत मांग देख रहे हैं। साथ ही हमारे हाल ही में लॉन्च किए गए बीयर @ 189 प्लेटफॉर्म में भी भारी मांग दिख रही है।’
कनॉट प्लेस के दरजी बार ऐंड किचन में पेय पदार्थों पर 1+1 ऑफ़र है और वहां पूरे सेक्शन में कई एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
मल्टी-सिटी कैफे चेन सोशल में फाइनल को ध्यान में रखते हुए प्रशंसकों, क्रिएटर्स और समुदायों के लिए दूसरे स्टेडियम जैसा महसूस कराने की तैयारी है। इम्प्रेसारियो एंटरटेनमेंट ऐंड हॉस्पिटैलिटी की चीफ ग्रोथ ऑफिसर दिव्या अग्रवाल ने कहा, ‘इस सीजन में, #दूसरास्टेडियम ने अनुभव को स्क्रीन से आगे ले जाकर विशेष रूप से तैयार किए गए गेम-डे मेन्यू के साथ प्रस्तुत किया है जो देशभर के प्रतिष्ठित क्षेत्रीय स्वादों से प्रेरित है।’
इस विशेष मेन्यू में राजस्थान के बैलिस्टिक भजिया, हैदराबाद की हलीम बिरयानी, बेंगलूरु की स्टेडियम समोसे, गुजरात का फरसान प्लेटर, मुंबई का वड़ा प्लेटर आदि शामिल हैं।
चेन्नई के रेस्तरां भी इस जश्न में शामिल हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की फाइनल में अनुपस्थिति ने कारोबार को प्रभावित नहीं किया है। शहर का फीदर्स होटल अपने रेस्टोबार वैपर में फाइनल मुकाबले की खास तैयारी कर रहा एक अधिकारी ने कहा, ‘होटल का क्रिकेट, चीयर्स, केओस प्रमोशन केवल लाइव मैच स्क्रीनिंग के दौरान उपलब्ध है। यह पेय पैकेजों और प्रीमियम ऑफरों की एक शृंखला पेश करता है, जिसे देखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।’ ऑफरों में 1,999 रुपये में 90 मिनट तक असीमित घरेलू बीयर और 2,700 तक के असीमित स्पिरिट पैकेज शामिल हैं।
द स्पॉटेड डियर-गैस्ट्रोपब ने भी प्रशंसकों के लिए बड़े पर्दे पर एक्शन, विशेष कॉम्बो और थीम आधारित ऑफरों के साथ एक गहन अनुभव तैयार किया है। प्रबंधन ने कहा, ‘विशेष रूप से तैयार किए गए कॉकटेल 750 रुपये में उपलब्ध हैं, साथ ही आकर्षक मैच-डे पैकेज जैसे ‘सुपर सिक्स’ बीयर बकेट 1,199 में, ‘पॉवर प्ले’ कॉम्बो 1,999 रुपये में और ‘इंपैक्ट प्लेयर’ ऑफर 1,499 में दिए जा रहे हैं।’ एक अन्य पब 10 डाउनिंग स्ट्रीट में रविवार को शराब पर 30 प्रतिशत की छूट है।
जो लोग अहमदाबाद की यात्रा कर रहे हैं, उनके लिए सप्ताहांत एक विस्तारित यात्रा में बदल गया है। पिट्टी ने कहा, ‘हम देख रहे हैं कि यात्राओं को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, गिर, उदयपुर सर्किट और गुजरात भर के सांस्कृतिक अनुभवों जैसे गंतव्यों की ओर बढ़ाने में अधिक रुचि है।’ फेथ के मेहरा का मानना है कि यह आयोजन ग्रीष्मकालीन अवकाश सीजन के समर्थन से एक छोटी अवकाश यात्रा में बदल जाएगा।