इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की चकाचौंध में इसमें शामिल टीमों (फ्रैंचाइजी) की हैसियत भी ऊंची छलांग लगा रही है। फैनैटिक स्पोर्ट्स हुरुन इंडिया की ‘मोस्ट वैल्यूएबल स्पोर्ट्स टीम्स 2026’ रिपोर्ट की मानें तो आईपीएल में शामिल प्रत्येक फ्रैंचाइजी का औसत मूल्यांकन वर्ष 2032 तक 15 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। वर्ष 2026 में यानी इस साल यह आंकड़ा 1.8 अरब डॉलर आंका गया है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2008 में आईपीएल की शुरुआत से ही इसकी टीमों का औसत मूल्य लगातार बढ़ता रहा है। वर्ष 2008 में यह 0.1 अरब डॉलर था जो फिलहाल 1.8 अरब डॉलर के स्तर को छू चुका है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आईपीएल फ्रैंचाइजी की हैसियत और फिलहाल दुनिया की सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स लीग नैशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) की फ्रैंचाइजी के बीच मूल्यांकन के मोर्चे पर अंतर काफी कम हो सकता है।
वर्ष 2008 में एनएफएल फ्रैंचाइजी का औसत मूल्य 1 अरब डॉलर था जो 2026 में बढ़कर 7.1 अरब डॉलर हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2032 तक इसके 29.8 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। भारतीय स्पोर्ट्स लीग में शाहरुख खान परिवार एवं मेहता समूह के स्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) सबसे मूल्यवान फ्रैंचाइजी के रूप में उभरी है। तीन बार की आईपीएल चैंपियन इस फ्रैंचाइजी का मूल्यांकन वर्ष 2026 में 19,200 करोड़ रुपये से 22,500 करोड़ रुपये के बीच आंका गया है जबकि शुरुआत में इसका मूल्य 300 करोड़ रुपये था।
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के स्वामित्व वाली मुंबई इंडियंस (एमआई) 18,400 से 21,700 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ दूसरे स्थान पर रही। पांच बार की आईपीएल चैंपियन इस फ्रैंचाइजी का मूल्य शुरुआत में 448 करोड़ रुपये था। एन श्रीनिवासन परिवार के स्वामित्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सन टीवी समूह के स्वामित्व वाली सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। सीएसके का मूल्य 18,400 से 20,700 करोड़ रुपये है, जबकि एसआरएच का मूल्य 17,500 से 18,400 करोड़ रुपये है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (आरसीबी) 16,700 करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ पांचवें स्थान पर रही। आईपीएल लीग में शीर्ष व्यक्तिगत कमाई करने वालों में विराट कोहली सबसे आगे हैं। कोहली ने 18 सत्रों में 230.2 करोड़ रुपये की कमाई के साथ आईपीएल में सबसे धांसू कमाई की है। उनके बाद रोहित शर्मा 227.2 करोड़ रुपये और महेंद्र सिंह धोनी 200.3 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। ये तीनों खिलाड़ी अपने एकल लीग करियर में 2.5 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई कर चुके हैं।
वीमेन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में महिला खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना 13.7 करोड़ रुपये की कमाई के साथ महिला आईपीएल में सबसे आगे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि डब्ल्यूपीएल के महज चार सत्रों में शीर्ष 10 खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से 90 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।
रिपोर्ट में भारत में विभिन्न खेलों में विभिन्न टीमों के जरिये समूहों एवं कंपनियों के बढ़ते स्वामित्व का भी जिक्र किया गया है। जीएमआर समूह तीन खेलों और तीन महाद्वीपों में 10 टीमों के साथ सबसे आगे चल रहा है। जेएसडब्ल्यू समूह सात टीमों के साथ दूसरे स्थान पर है और क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और हॉकी इन चार खेलों में इसकी मौजूदगी है। आरआईएल और शाहरुख खान परिवार एवं मेहता समूह पांच देशों में कई क्रिकेट फ्रैंचाइजी के मालिक हैं। आरपीएसजी ग्रुप और सन टीवी ग्रुप ने क्रमशः दक्षिण अफ्रीका में एसए20 और इंग्लैंड में द हंड्रेड के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने आईपीएल ब्रांड का विस्तार किया है।
इस बीच, अदाणी परिवार और कैप्री स्पोर्ट्स ने खो-खो और महिला क्रिकेट सहित उभरती घरेलू लीगों में अपना कारोबार फैला दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि संस्थागत निवेशकों ने भारतीय खेल फ्रैंचाइजी में निवेश के माध्यम से पर्याप्त मुनाफा भी अर्जित किया है। राजस्थान रॉयल्स की बिक्री के बाद लाचलान मर्डोक ने 92.1 गुना रिटर्न (प्रतिफल) हासिल किया जबकि ब्लेंहेम चालकोट (मनोज बदाले) और रेडबर्ड कैपिटल ने क्रमशः 24.3 गुना और 7.8 गुना रिटर्न हासिल किए।