लक्ष्मी एन. मित्तल और आदित्य मित्तल ने रविवार को घोषणा की कि उन्होंने अदार पूनावाला के साथ मिलकर मनोज बडाले से राजस्थान रॉयल्स खरीदने के लिए पक्का समझौता किया है। इस करार की राशि लगभग 1.65 अरब डॉलर है जो राजस्थान रॉयल्स की पुरुष खिलाड़ियों की फ्रैंचाइजी, पार्ल रॉयल्स और बारबाडोस रॉयल्स की एंटरप्राइज वैल्यू है।
समझौते के बाद मित्तल परिवार के पास राजस्थान रॉयल्स की लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी जबकि अदार पूनावाला के पास लगभग 18 प्रतिशत। शेष 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी, जिसमें मनोज बडाले भी शामिल हैं। बडाले राजस्थान रॉयल्स का समर्थन जारी रखेंगे और एक सेतु के रूप में काम करेंगे। आईपीएल टीम के अलावा, राजस्थान रॉयल्स के पास दक्षिण अफ्रीका में पार्ल रॉयल्स और कैरिबियन में बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं।
यह सौदा सामान्य समापन शर्तों के अधीन है, जिसमें बीसीसीआई, सीसीआई, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और अन्य नियामक प्राधिकरणों की अनुमति शामिल है। यह सौद वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में पूरा हो जाने की उम्मीद है।
लक्ष्मी मित्तल ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘मुझे क्रिकेट बहुत पसंद है और मेरा परिवार राजस्थान से है। इसलिए राजस्थान रॉयल्स के अलावा किसी और टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहूंगा। मैंने पहली बार स्कूल के दिनों में क्रिकेट खेला था और तब से मैं इस खेल का बड़ा प्रशंसक हूं। कई बड़े खिलाड़ियों ने राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनी है, जिनमें भारतीय खेल के सितारे भी शामिल हैं जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा रहे हैं। मैं इस शानदार टीम का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं।’
लक्ष्मी एन. मित्तल, आदित्य मित्तल, वनिशा मित्तल-भाटिया, अदार पूनावाला और मनोज बडाले राजस्थान रॉयल्स के बोर्ड में शामिल होंगे।
मार्च में, आदित्य बिड़ला ग्रुप (एबीजी), टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रेटेजी, बीएक्सपीई (ब्लैकस्टोन) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (आरसीबी) के शत-प्रतिशत अधिग्रहण के लिए एक समझौता किया था। इसमें पुरुषों की आईपीएल फ्रेंचाइजी और महिला आईपीएल फ्रैंचाइजी दोनों शामिल हैं। इस फ्रेंचाइजी का मूल्य 16,660 करोड़ रुपये आंका गया है। इसका अधिग्रहण, डियाजियो पीएलसी की एक सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) से किया गया है।