इंडिया एआई मिशन के तहत चुनी गई आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की कंपनियों में शामिल ज्ञानी डॉट एआई ने सीरीज बी फंडिंग के दौर में 1 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। यह रकम आविष्कार कैपिटल और मौजूदा निवेशक इन्फो एज वेंचर्स से जुटाई गई है।
इस रकम का उपयोग वैश्विक विस्तार, एजेंटिक एआई की अपनी क्षमताओं को बढ़ाने, बहुभाषी और उद्योग-विशिष्ट समाधानों का विस्तार करने तथा कंपनी के इंजीनियरिंग और उत्पाद कौशल आधार को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। इससे कंपनी को दुनिया भर में तेजी से बढ़ते एंटरप्राइज वॉयस एआई बाजार में अहम हिस्सेदारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
सह-संस्थापक गणेश गोपालन और अनंत नागराज ने बयान में कहा, ‘हमारा मिशन हमेशा से ही वॉयस-फर्स्ट एआई के माध्यम से ग्राहक जुड़ाव को अधिक मानवीय, अधिक सुरक्षित तथा अधिक बड़े स्तर का बनाना रहा है। आविष्कार कैपिटल के साथ साझेदारी हमारे इस दृष्टिकोण का जोरदार प्रमाण है। उनका निवेश हमें अपनी जनरेटिव एआई क्षमताओं को और मजबूत करने तथा अपने वैश्विक विस्तार को तेज करने में मदद करेगा।’
कंपनी ने इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में अपने वॉयस फाउंडेशन मॉडल को पेश किया था। इसके एक महीने से कुछ ही समय बाद यह रकम जुटाई गई है। गोपालन ने कहा कि यह मॉडल 5 अरब पैरामीटर वाला वॉयस-टु-वॉयस मॉडल है, जिसका बाद में 14 अरब पैरामीटर वाले प्रमुख मॉडल और फिर 70 अरब पैरामीटर वाले मॉडल में विस्तार किया जाएगा।
कंपनी उन चुनिंदा स्टार्टअप कंपनियों में शामिल है, जिन्हें मिशन ने देश के लिए मुख्य एआई मॉडल पेश करने के वास्ते चुना है। ज्ञानी डॉट एआई का मॉडल आधुनिक तर्क क्षमताओं के साथ बहुभाषी, रीयल-टाइम स्पीच प्रोसेसिंग प्रदान करता है।