नौ राज्यों ने स्टेट डेवलपमेंट लोन (एसडीएल) बेचकर आज 20,461 करोड़ रुपये जुटाए। पिछले हफ्ते की नीलामी में जुटाई गई 14,800 करोड़ रुपये की रकम से यह ज्यादा है मगर उधारी के कैलेंडर में लगाए गए 23,000 करोड़ रुपये के अनुमान से यह राशि कम है।
इस नीलामी में कम अवधि और लंबी अवधि में परिपक्व होने वाली उधारी शामिल हैं। असम इस नीलामी में 10 साल मियाद की प्रतिभूति जारी करने वाला इकलौता राज्य रहा और उसने 7.66 प्रतिशत यील्ड पर धन जुटाया। पिछली नीलामी में तमिलनाडु ने 7.63 प्रतिशत यील्ड पर 10 साल की प्रतिभूति दोबारा जारी की थीं।
बाजार भागीदारों ने कहा कि यील्ड को सरकारी बॉन्ड यील्ड में हाल में आई गिरावट का सहारा मिला। 10 साल मियाद वाली सरकारी प्रतिभूति की मानक यील्ड पिछले हफ्ते की नीलामी के बाद से 5 आधार अंक गिरकर 6.86 प्रतिशत रह गई है। जम्मू-कश्मीर ने 25 साल के लिए बॉन्ड दोबारा 7.80 प्रतिशत यील्ड पर दोबारा जारी किया। बिहार ने भी पिछले हफ्ते इतनी ही मियाद का बॉन्ड जारी कर इसी यील्ड पर रकम जुटाई थी।
कम अवधि वाले बॉन्ड की बात करें तो आंध्र प्रदेश ने 6 साल में परिपक्व होने वाले बॉन्ड से 7.28 प्रतिशत यील्ड पर धन जुटाया और पंजाब के 7 साल के बॉन्ड की यील्ड 7.55 प्रतिशत तय की गई। तेलंगाना ने 7.44 प्रतिशत दर पर 7 साल का बॉन्ड फिर जारी किया। इसी मियाद का बॉन्ड जारी कर पिछले हफ्ते तमिलनाडु ने भी इसी दर पर रकम जुटाई थी। केरल ने 7.53 प्रतिशत पर 7 साल के बॉन्ड जारी कर रकम हासिल की।
अनुमानित उधारी कैलेंडर के अनुसार वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में राज्यों की 2.55 लाख करोड़ रुपये जुटाने की योजना है, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही की योजना में तय किए गए 2.74 लाख करोड़ रुपये से कम है। अप्रैल-जून तिमाही में अभी तक राज्य 1.86 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं, जबकि पिछले साल की पहली तिमाही में इस तारीख तक 1.74 लाख करोड़ रुपये ही जुटाए गए थे।