प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि दुनिया एक ‘बेहद तनावपूर्ण’ स्थिति से गुजर रही है, जिससे सभी देश प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में स्थायी शांति लाने की अपील की, क्योंकि सैन्य संघर्ष से किसी भी समस्या का हल नहीं हो सकता। मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर के साथ व्यापक वार्ता के बाद यह टिप्पणी की।
इस बैठक में व्यापार, रक्षा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मोदी-स्टॉकर वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें एक समझौता भारतीय और ऑस्ट्रियाई कंपनियों को एक-दूसरे के यहां निवेश करने में सहायता के लिए त्वरित तंत्र स्थापित करने से संबंधित है। सैन्य क्षेत्र में सहयोग के लिए भी एक समझौता हुआ है।
अपनी वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और स्टॉकर ने पश्चिम एशिया और यूक्रेन में संघर्षों के वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें कम करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। ऑस्ट्रिया के चांसलर विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से चार दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली आए हुए हैं। भारत की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है।
मोदी ने अपने मीडिया बयान में कहा, ‘पूरी दुनिया बहुत ही गंभीर और तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रही है। यह स्थिति हम सब को प्रभावित कर रही है। ऐसे माहौल में भारत और ऑस्ट्रिया इस बात पर एकमत हैं कि सैन्य संघर्ष से समस्याओं का हल नहीं हो सकता। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम एक स्थिर, टिकाऊ और स्थायी शांति का समर्थन करते हैं।’ भाषा