इन्फोसिस के सीईओ और एमडी सलिल पारेख उत्तराधिकार योजना को लेकर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताते लेकिन चेयरमैन नंदन नीलेकणी को फर्म के एआई रोडमैप का शिल्पकार होने का श्रेय देते हैं। अभीक दास और शिवानी शिंदे के साथ बातचीत में उन्होंने कंपनी की एआई रणनीति, मिथोस जैसे उभरते जोखिमों और अन्य विषयों पर चर्चा की। संक्षिप्त अंश:
इन्फोसिस इन्वेस्टर एआई डे के दौरान चेयरमैन नंदन नीलेकणी ने कहा था कि यह तकनीकी बदलाव बहुत तेज रहा है। क्या आपको लगता है कि आईटी उद्योग इस लहर का सामना कर पाएगा और आप इन्फोसिस की वृद्धि का क्या भविष्य देखते हैं?
आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक तेजी से विकसित हो रही है लेकिन बड़ी कंपनियों में यह धीमी गति से बढ़ रहा है क्योंकि उनके पास मौजूदा क्षमता अैर अधोसंरचना है जिसे समय के साथ एआई के दायरे में लाना है। हमारा ध्यान छह एआई सेवाओं पर है जिनके बारे में हमने इन्वेस्टर डे पर बातचीत की थी जो हमें 300 अरब डॉलर का बाजार मुहैया कराता है।
हमारा एआई सेवा राजस्व तीसरी तिमाही के अंत में करीब 5.5 फीसदी था। चौथी तिमाही में यह आंकड़ा बढ़ा है। तीन साल में यह और बड़ा होकर समग्र वृद्धि में शामिल हो जाएगा। इन्फोसिस की बात करें तो मुझे यकीन है कि हम पूरी तरह एआई आधारित बदलाव की दिशा में है। ऐसा नहीं है कि हम अब इस बारे में सोच रहे हैं या अगले छह महीनों में इसे लेकर किसी रणनीति के साथ सामने आने वाले हैं।
हमने यह भी साझा किया कि व्यवसाय के कुछ हिस्सों में संकुचन दिखाई दे रहा है। इस बार हमने स्थिर मुद्रा में 1.5 से 3.5 प्रतिशत आय वृद्धि का अनुमान दिया है। मार्च के अंत में हमारा बड़े सौदों का पाइपलाइन 14.9 अरब डॉलर पर था। हम उन बड़ी कंपनियों पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जहां हमारा अपेक्षाकृत छोटा काम है। ये सभी विकास के चालक हैं और वृहद कारक स्वयं हमें एक बढ़ावा देगा।
क्या आपके पास इस वर्ष सौदों के प्रवाह के संदर्भ में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर स्पष्टता है?
यह भी एक कारक है जो हमें उम्मीद बंधा रहा है। निश्चित रूप से हमारे पास बेहतर दृश्यता है। ऐसा इसलिए क्योंकि गत वर्ष इस समय शुल्क के रूप में एक नया कारक जुड़ा। और यह स्पष्ट नहीं था कि इसका अंत कहां होगा क्योंकि शुरुआत बहुत नाटकीय थी। कई आपूर्ति श्रृंखलाएं समायोजित हो चुकी हैं और जिन अर्थव्यवस्थाओं में हम काम कर रहे हैं, उनका प्रदर्शन अच्छा है।
वातावरण दो साल पहले जैसा नहीं है। लेकिन हमें आभास हो रहा है कि यह अभी भी स्थिर हो रहा है। फिर जब आप मूल अर्थव्यवस्था को देखते हैं, जिसमें अमेरिका और यूरोप में जीडीपी वृद्धि शामिल है, जो हमारे लिए अच्छे बाजार हैं, तो यह काफी लचीला है। इसलिए हम ऐसी स्थिति में है जहां पिछले वर्ष की तुलना में निश्चित रूप से अधिक स्पष्टता है।
जब आप एजेंट्स की बात कर रहे हैं और उन्हें वर्कफ्लो में अधिक उपयोग कर रहे हैं, तो क्या समग्र मूल्य निर्धारण संरचना पर नजर डालने की आवश्यकता है?
इन्फोसिस पूरे समय बहुत लचीली रही है। यदि आप पिछले दो वर्षों को देखें, तो हमने मार्जिन बढ़ाया है। मूल्य निर्धारण मार्जिन का एक हिस्सा है। यदि आप इसे देखें, तो वास्तविक प्राप्ति वास्तव में पिछले वर्ष और उससे पहले के वर्ष में बेहतर हुई क्योंकि हम उस सेवा के मूल्य पर अधिक ध्यान दे रहे थे जो हम प्रदान कर रहे थे। यहां तक कि एआई में भी, यह एक अच्छा मार्जिन दृष्टिकोण है।
मूल्य निर्धारण अभी अच्छा बना हुआ है। इसलिए हमें वास्तविक समस्या नहीं दिख रही है, भले ही प्रतिस्पर्धा अधिक हो। हमें ध्यान रखना होगा कि एजेंट की कीमत होगी लेकिन उसके नीचे अधोसंरचना भी है क्योंकि एजेंट को चलाने की लागत शून्य नहीं है। ये सभी तत्व हैं और आज हम स्पष्ट रूप से उस लागत का कुछ हिस्सा उन लोगों से प्राप्त करते हैं जो अधोसंरचना प्रदान करते हैं। समय के साथ यह बदल सकता है, लेकिन यह मूल्य निर्धारण में शामिल होगा और यदि एजेंट 24 घंटे काम कर रहा है, तो अधोसंरचना भी उन घंटों के लिए आवश्यक होगी।
क्या इसका मतलब है कि आपका पूंजीगत व्यय बढ़ जाता है क्योंकि आप वे सिस्टम बना रहे हैं?
हम कम पूंजीगत व्यय के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ते हैं। हम परिसंपत्ति गहन व्यवसाय नहीं हैं। एक स्मॉल लैंग्वेज मॉडल बनाने के लिए, हम छोटे डेटा सेट का उपयोग करते हैं ताकि हम इसे छोटे टोकन आर्किटेक्चर पर बना सकें। दूसरा यह है कि हम उस अधोसंरचना का उपयोग कर रहे हैं जहां हमारे पास कुछ पूंजीगत व्यय है, जैसे जीपीयू का अधिग्रहण करना। पिछले तीन वर्षों में हमारा पूंजीगत व्यय सीमा के भीतर रहा है क्योंकि हम इस कम परिसंपत्ति वाले दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
‘मिथोस’ को लेकर बढ़ती चिंताओं और एंथ्रोपिक के साथ उद्योग की भागीदारी की रिपोर्टें सामने आ रही हैं। क्या ग्राहक वास्तविक चिंताएं प्रकट कर रहे हैं, और इन्फोसिस उन्हें तैयार करने के लिए क्या कर रहा है?
मिथोस तक पहुंच वर्तमान में अमेरिका की कुछ कंपनियों तक ही सीमित है। हम एंथ्रोपिक के साथ रणनीतिक चर्चाओं में लगातार जुड़े हुए हैं। ओपस 4.7 में मिथोस के कुछ तत्त्व शामिल हैं और हम कुछ समय से इसके साथ काम कर रहे हैं। हमारा ध्यान इस बात को समझने पर रहा है कि ये सिस्टम कैसे काम करते हैं। विशेष रूप से उनकी क्षमता कि वे एक संरचित दृष्टिकोण के माध्यम से कई कमजोरियों को जोड़ सकते हैं।
इसके आधार पर, हम सक्रिय रूप से संभावित जोखिमों की पहचान कर रहे हैं और आंतरिक रूप से परिदृश्यों का परीक्षण कर रहे हैं। हम इन सीखों को ग्राहकों के साथ साझा कर रहे हैं, क्योंकि यह स्वामित्व वाली प्रकृति का नहीं है, और जहां जरूरत होती है वहां उनका समर्थन कर रहे हैं। साथ ही, हम एंथ्रॉपिक के साथ सहयोग में क्षमताएं विकसित कर रहे हैं ताकि जैसे-जैसे ये सिस्टम विकसित हों, ग्राहक बेहतर तरीके से तैयार रहें।