बायोकॉन की कार्यकारी चेयरमैन किरण मजूमदार-शॉ ने बेंगलूरु में किराये के एक गैराज से शुरू करके बायोकॉन को दुनिया की एक सबसे बड़ी बायोसिमिलर कंपनी बनाने के लिए चार दशक तक अनथक काम किया। 73 साल की दिग्गज बायोटेक उद्यमी मजूमदार-शॉ ने सोहिनी दास के साथ वीडियो बातचीत में क्लेयर को उत्तराधिकारी चुनने के बारे में बताया। मुख्य अंश:
आपको क्यों लगा कि क्लेयर आपकी उत्तराधिकारी होनी चाहिए? उनके भाई एरिक और पति थॉमस रॉबर्ट्स की बायोकॉन में क्या भूमिकाएं होंगी?
अगर आप क्लेयर को, एरिक और थॉमस के साथ देखें तो पाएंगे कि वे कई क्षेत्रों में एक-दूसरे के पूरक कौशल और व्यापक विशेषज्ञता लेकर आते हैं जो बायोकॉन की भविष्य की वृद्धि को दिशा दे सकते हैं। एरिक कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी में आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रोफेसर हैं और एआई तथा अर्थशास्त्र का दिलचस्प संयोजन हैं, जो हमें समूह के रूप में एक मजबूत एआई आधारित कंपनी बनने में मदद करेगा।
क्लेयर के पास बायोटेक और स्वास्थ्य सेवा कारोबार का व्यापक वैश्विक नजरिया है। वह सफल उद्यमी रही हैं जिनके पास निवेशकों का एक बड़ा नेटवर्क है। वह समझती हैं कि कंपनियां कैसे बनाई जाती हैं और निवेशकों के हितों से कैसे निपटा जाता है। उन्होंने बायकारा के लिए एक बेहतरीन काम किया है। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, बात सिर्फ बायोसिमिलर और जेनेरिक दवाओं तक ही सीमित नहीं रहेगी।
Also Read: बाजार में उठापटक! कैसे बढ़ेगा पैसा? याद रखें एक्टिव-पैसिव फंड्स का बैलेंस्ड फॉर्मूला
इसमें नए बायोलॉजिक्स, नए फॉर्मूलेशन, मॉलिक्यूल्स, डिवाइस और दवा के वितरण के नए तरीके भी शामिल होंगे। यह उच्च-स्तरीय नवाचार है और क्लेयर इस क्षेत्र को बहुत अच्छी तरह समझती हैं। बायोकॉन को अगले स्तर तक ले जाने के लिए वह जो कुछ कर सकती हैं, वह इस मोड़ पर मेरे द्वारा किए जाने वाले काम से कहीं ज्यादा बड़ा है। मैं अगले 5 साल तक इसमें शामिल रहूंगी लेकिन उसके बाद क्लेयर बेहतरीन काम कर सकती हैं।
थॉमस विचारशील स्वास्थ्य सेवा विशेषज्ञ और मैसाचुसेट्स जनरल अस्पताल में ऑन्कोलॉजिस्ट हैं। वह समझते हैं कि अमेरिकी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली कैसे काम करती है और हमारी वाणिज्यिक टीमों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। ये तीनों साथ मिलकर बायोकॉन के भविष्य को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
क्लेयर ने स्टार्टअप का नेतृत्व किया है। क्या उनके लिए बायोकॉन जैसे संगठन का प्रबंधन करना कठिन होगा?
मैंने बायोकॉन बनाने का सफर अपने गैराज से शुरू किया था। नेतृत्व का अर्थ है यह समझना कि व्यवसाय कैसे काम करता है, इसे कैसे आकार दिया जाता है और उसका कैसे विस्तार किया जाता है। क्लेयर इसे बहुत अच्छी तरह समझती हैं। उन्होंने बायकारा को तीन-सदस्यीय टीम से आज लगभग 100 कर्मचारियों वाले संगठन में विकसित किया है। मुझे लगता है कि वह बायोकॉन को किसी भी ऐसे व्यक्ति से बेहतर समझती हैं जिसे मैं बाहर से ला सकती हूं।
बायोकॉन को आप अगले 10 साल में कहां देखती हैं और क्लेयर इसमें कैसे फिट होती हैं?
आज, इसका एक बड़ा हिस्सा मेरी सोच से आया है और इसकी वजह यह है कि भले ही हम बायोसिमिलर और जेनेरिक दवाओं के क्षेत्र में हैं लेकिन हम केवल ‘मी-टू’ कंपनी (किसी का अनुकरण या नकल करने वाली कंपनी) बने रहने का जोखिम नहीं उठा सकते। नवप्रवर्तकों ने एक मानक स्थापित किया है जिसका हमने अनुकरण करने की कोशिश की है और अब बहुत से लोग हमारा अनुकरण कर रहे हैं। यदि हम वही करते रहे जो हम कर रहे हैं तो दूसरों से कोई अंतर नहीं होगा।
हमें दवा वितरण प्रणाली, नए फॉर्मूलेशन, एआई-संचालित विकास के माध्यम से बायोसिमिलर में भी खुद को अलग करने के लिए लगातार नवाचार करना होगा। मैं कुछ नए बायोलॉजिक्स भी विकसित करना चाहती हूं जिन्हें एआई की मदद से आगे बढ़ाया जाएगा। एआई हमें नए मॉलिक्यूल्स डिजाइन करने में भी मदद करेगी। लेकिन यह सब करने के लिए आपको ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बनाना होगा।
Also Read: BSE के मजबूत नतीजों के बावजूद शेयर में गिरावट, ब्रोकरेज हाउस ने बढ़ाए कमाई के अनुमान
क्लेयर बायोकॉन बोर्ड में कब तक शामिल होंगी और वह भारत में रहेंगी या अमेरिका में?
यह अभी शुरुआती दिन हैं। मैं जिस संरचना की परिकल्पना करता हूं वह पेशेवर प्रबंधन है और परिवार बोर्ड स्तर पर एक रणनीतिक और सलाहकार भूमिका निभाता है। क्लेयर चाहे अमेरिका में रहें या अमेरिका और भारत आती-जाती रहें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आज की दुनिया में, वह साल में चार बार भारत आ सकती हैं एक बार में कुछ सप्ताह बिता सकती हैं।
प्रौद्योगिकी इस दुनिया को बदल रही है और आपको दुनिया के किसी भी हिस्से में शारीरिक रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। क्लेयर बायोकॉन बायोलॉजिक्स की कुछ सहायक कंपनियों को छोड़ किसी के भी बोर्ड में नहीं हैं। निकट भविष्य में वह बायोकॉन के बोर्ड में होंगी। मुख्य बात यह है कि मेरे पास उन्हें अपनी सीट पर बैठाने के लिए 5 साल का समय है।
बोर्ड में प्रवर्तक परिवार की भूमिका कितनी रणनीतिक होगी?
मेरे भाई और भाभी दशकों से बायोकॉन समूह के बोर्ड का हिस्सा रहे हैं। मेरे भाई रवि कंपनी के सूचीबद्ध होने से ठीक पहले बोर्ड में शामिल हुए थे। यह 1999-2000 के आसपास रहा होगा। वह गणित के प्रोफेसर हैं और उन्होंने सांख्यिकीय विश्लेषण में हमारी बहुत मदद की है। जब मैंने बायोकॉन शुरू किया तो मैंने उन्हें कुछ शेयर दिए, इसलिए वह शुरुआत से ही इसके शेयरधारक रहे हैं। मेरी भाभी कैथरीन रोसेनबर्ग, सिनजीन इंटरनैशनल के बोर्ड में हैं। वह कंप्यूटर विज्ञान की प्रोफेसर हैं और उन्होंने समूह की प्रौद्योगिकी पहल का मार्गदर्शन करने में मदद की है। क्लेयर और एरिक उनके बच्चे हैं। मेरा एक और भाई भी है जो मेरे व्यवसाय का हिस्सा नहीं है। वह फैशन और संगीत उद्योग में है।
क्या आपने एरिक और थॉमस के लिए जिम्मेदारियां तय की हैं?
एरिक 2021 से बायोकॉन बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य कर रहे हैं। हमने बायोकॉन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी समिति बनाई है जिसे एरिक चला रहे हैं। हमारे पास एआई कार्यबल भी है, जिसे कैथरीन, एरिक और विजय चंद्रू देखते हैं। चंद्रू हाल ही में सिनजीन के बोर्ड में शामिल हुए हैं। चंद्रू, कैथरीन, एरिक, मंदार घटणेकर तथा गौरव कुशवाहा, सभी इस कार्यबल का हिस्सा हैं। एरिक बायोकॉन की विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिवर्तन समिति के भी चेयरमैन हैं।
Also Read: SBI का मुनाफा 5.58% बढ़ा, गैर-ब्याज आय में गिरावट से दबाव; शेयर 6.6% लुढ़का
क्या आपको लगता है कि नेतृत्व में बदलाव के लिए पांच साल का समय सही है?
व्यक्तिगत रूप से, मुझे लगता है कि पांच साल सही समय सीमा है। मैं अब 73 साल की हूं और अगले 5 साल में मैं 78 साल की हो जाऊंगी। मेरा उत्तराधिकारी बनाने का सही समय है। क्लेयर के पास यह समझने के लिए काफी साल हैं कि कंपनी क्या कर रही है। यह सिर्फ मेरे नजरिये के बारे में नहीं है बल्कि यह समझने के बारे में है कि कंपनी कैसे काम करती है और उसे कैसे विकसित किया जा रहा है। उसे सही मार्गदर्शन देने के लिए एरिक और थॉमस भी साथ होंगे।