फार्मास्युटिकल उद्योग की दिग्गज डॉ रेड्डीज लेबोरेटरीज (डीआरएल) को कनाडा में जेनेरिक सेमाग्लूटाइड दवा बेचने की मंजूरी हेल्थ कनाडा से मिल गई है। कंपनी ने आज यह ऐलान किया। महीनों तक चली नियामकीय दिक्कतों के बाद कंपनी को यह मंजूरी मिली है।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘डीआरएल को उसके जेनेरिक सेमाग्लूटाइड इंजेक्शन के लिए हेल्थ कनाडा से अनुपालन नोटिस (एनओसी) प्राप्त हुआ है।’ इस विपणन अधिकार में 2 मिलीग्राम (एमजी) और 4 मिलीग्राम वाली पेन खुराक के प्रारूप शामिल हैं। इस कदम से डीआरएल कनाडा में जेनेरिक सेमाग्लूटाइड इंजेक्शन के लिए विपणन अधिकार हासिल करने वाली पहली कंपनी बन गई है। इसके साथ ही ग्रुप ऑफ सेवन (जी7) देशों में उसका पहला जेनेरिक सेमाग्लूटाइड स्वीकृत हो गया है। अलबत्ता हैदराबाद की इस दवा विनिर्माता को पिछले साल अक्टूबर में कनाडाई स्वास्थ्य नियामक से गैर-अनुपालन नोटिस (एनओएन) मिलने के लगभग छह महीने बाद यह मंजूरी मिली है।
अपने नोटिस में हेल्थ कनाडा ने आवेदन के विशिष्ट पहलुओं पर अतिरिक्त जानकारी और स्पष्टीकरण मांगे थे, जिससे मंजूरी की प्रक्रिया में अस्थायी रूप से देरी हुई । कंपनी ने कहा, ‘लॉन्चिंग की तैयारी चल रही है। ऐसे में डीआरएल कनाडा के मरीजों के लिए उपचार का यह अहम विकल्प उपलब्ध कराने के लिहाज से बेहतर स्थिति में है।’
सेमाग्लूटाइड के जेनेरिक संस्करणों की शुरुआत करने की यह होड़ ऐसे समय सामने आई है, जब डेनमार्क की दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने साल 2026 की शुरुआत से प्रमुख बाजारों में इस दवा के लिए अपने विशेष अधिकार गंवाने शुरू किए।
कनाडा ऐसा पहला प्रमुख पश्चिमी देश था जहां इस साल 4 जनवरी को सेमाग्लूटाइड के विशेष अधिकार खत्म हो गए थे। डीआरएल का लक्ष्य था कि वह इस बाजार में सबसे पहले अपनी दवा उतारने वालों में शामिल हो।