कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच 1 मई को भारत में कई ईंधन उत्पादों की कीमतों में इजाफा किया गया। इसमें वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में इस्तेमाल किए जाने वाले एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ), बल्क डीजल और 5 किलो वाले एलपीजी सिलिंडर शामिल हैं। देश की तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडरों में अब तक का सर्वाधिक 993 रुपये प्रति सिलिंडर का इजाफा किया है। 19 किलो का एक सिलिंडर अब दिल्ली में 3,071.50 रुपये का मिलेगा। अप्रैल में सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने इन सिलिंडरों के दाम में 195.50 रुपये का इजाफा किया था।
हालांकि कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। दिल्ली में इनकी कीमत 913 रुपये प्रति सिलिंडर ही है। वहीं पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा, ‘तेल विपणन कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों को ध्यान में रखते हुए चुनिंदा उत्पादों की कीमतों में सोचा समझा इजाफा किया है। इसमें वाणिज्यिक, औद्योगिक और प्रीमियम क्षेत्र शामिल हैं। इसके तहत वाणिज्यिक एलपीजी, बल्क डीजल और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का एटीएफ शामिल है।’
मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अप्रैल में कुल 2.04 लाख टन वाणिज्यिक एलपीजी बेची गई, जो 19 किलो के 107.39 लाख एलपीजी सिलेंडरों से अधिक के बराबर है। इस महीने के दौरान, तेल विपणन कंपनियों ने 5 किलो के एफटीएल सिलिंडर 22.54 लाख से अधिक सिलिंडर बेचे। इस बीच, बल्क डीजल की कीमतें 12 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गईं, जबकि 5 किलो एफटीएल सिलेंडरों की दरें 216.5 प्रति सिलिंडर बढ़ाई गईं। जे
ट ईंधन के लिए, सरकारी तेल कंपनियों ने निर्धारित घरेलू उड़ानों के लिए एटीएफ की कीमतें अपरिवर्तित रखीं, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और अन्य गैर-निर्धारित परिचालनों के लिए कीमतें बढ़ा दीं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एटीएफ की कीमत 1 मई से 76.55 डॉलर प्रति किलोलीटर बढ़ाकर 1,511.86 डॉलर प्रति किलोलीटर कर दी गई। जेट ईंधन भारतीय विमानन कंपनियों की परिचालन लागत का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है।
तेल कंपनियां आमतौर पर प्रत्येक महीने की शुरुआत में एटीएफ की कीमतों में संशोधन करती हैं। अप्रैल में, सरकार ने घरेलू एयरलाइनों के लिए 25 प्रतिशत या 15 रुपये प्रति लीटर की ‘आंशिक और क्रमिक वृद्धि’ की घोषणा की थी, जबकि अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर पूरी वृद्धि लागू की गई।
एक आधिकारिक सूचना में कहा गया कि सरकार ने 1 मई से प्रभावी रूप से डीजल और एटीएफ पर निर्यात शुल्क क्रमशः 23 रुपये प्रति लीटर और 33 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क की दर शून्य बनी हुई है। सरकार ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट की पृष्ठभूमि में निर्यात को हतोत्साहित करके पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्यात शुल्क लागू किया गया है।