US-Iran War: ईरान ने दावा किया है कि सोमवार को मशहद एयरपोर्ट पर हुए अमेरिकी हवाई हमले में एक महान एयर (Mahan Air) विमान को नुकसान पहुंचा है। इस विमान का उपयोग भारत के लिए एक मानवीय मिशन के तहत किया जाना था, जिसमें जरूरी मेडिकल और राहत सामग्री लेने के लिए उड़ान भरनी थी।
ईरानी अधिकारियों के अनुसार, यह विमान इस सप्ताह नई दिल्ली जाने वाला था, जहां से वह ईरान के लोगों के लिए आवश्यक चिकित्सा सामग्री और सहायता लेकर लौटता। हालांकि, इस दावे की अब तक अमेरिका की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहद एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद विमान को नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि यह विमान 1 अप्रैल को नई दिल्ली पहुंचने वाला था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल के दिनों में इजरायली हमलों में भी ईरान के कई विमानों को नुकसान पहुंचा है, जिससे उसकी हवाई क्षमता प्रभावित हुई है। ऐसे में नागरिक और कार्गो विमानों के सुरक्षित संचालन को लेकर ईरान की चिंता बढ़ी है, क्योंकि इससे राहत सामग्री की आपूर्ति में मुश्किल हो सकती है।
इस बीच भारत के कई शहरों में ईरान के समर्थन में प्रदर्शन भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि लोगों ने दान के जरिए मदद दी है, जिसमें गहने और धनराशि भी शामिल है। नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किए गए बैंक खातों और QR कोड के जरिए भी सहायता मिली है।
इस बीच, भारत ने 18 मार्च को ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के माध्यम से ईरान को पहली खेप में मेडिकल सप्लाई भेजी थी। ईरानी दूतावास ने इस सहायता के लिए भारतीय लोगों का धन्यवाद भी किया था।
महान एयर एक निजी ईरानी एयरलाइन है, जो पश्चिम एशिया, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, दक्षिण पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के कई देशों में उड़ान सेवाएं संचालित करती है।