अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने अपने करीबी अधिकारियों से कहा है कि वह ईरान में चल रहे सैन्य अभियान को समाप्त करने के लिए तैयार हैं, भले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) पूरी तरह से खुला न हो। यह जानकारी The Wall Street Journal की एक रिपोर्ट में दी गई है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों का हवाला दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के पास सैन्य विकल्प अभी भी मौजूद हैं, लेकिन फिलहाल वे उनकी प्राथमिकता में नहीं हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर इस समुद्री मार्ग को पूरी तरह खोलने के लिए कोई बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया जाता है, तो इससे कार्रवाई की समयसीमा चार से छह हफ्तों से आगे बढ़ सकती है।
वर्तमान में यह संघर्ष अपने पांचवें हफ्ते में पहुंच चुका है।
ऐसी स्थिति में ट्रंप प्रशासन ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए ईरान की नौसेना और मिसाइल भंडार को निशाना बनाने पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है। साथ ही कूटनीतिक दबाव बनाकर ईरान से इस समुद्री मार्ग को खोलने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों का यह भी कहना है कि अगर अमेरिका अपने इस लक्ष्य में सफल होता है, तो वह यूरोप और खाड़ी देशों के सहयोगियों पर दबाव बनाएगा कि वे आगे बढ़कर इस मार्ग को फिर से खुलवाने की जिम्मेदारी संभालें।
यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है जब एक दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रपति ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर तेहरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत नहीं खोला, तो अमेरिका ईरान के नागरिक ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा कि बातचीत में प्रगति हुई है और समझौते की संभावना भी है। लेकिन अगर जल्द समझौता नहीं हुआ और होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत “ओपन फॉर बिजनेस” नहीं किया गया, तो अमेरिका ईरान में बिजली उत्पादन संयंत्रों, तेल के कुओं और खार्ग आइलैंड को पूरी तरह नष्ट कर सकता है।
उन्होंने पहले भी ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले की चेतावनी दी है। साथ ही, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि किसी संभावित समझौते की स्थिति में अमेरिका और ईरान मिलकर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग का नियंत्रण संभाल सकते हैं।