PM Modi UAE Visit: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। ऐसे हालात में शांति और स्थिरता बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इस क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है।
मोदी ने यह भी कहा कि किसी भी देश को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए संयम और संवाद सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है।
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते और घोषणाएं की गईं, जो इस प्रकार हैं-
भारत और यूएई के बीच एक रणनीतिक रक्षा साझेदारी फ्रेमवर्क समझौते पर सहमति बनी। इसके तहत रक्षा उद्योग, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, नवाचार और सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा।
दोनों देशों के बीच स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स से जुड़ा एक समझौता (MoU) हुआ। इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा लंबी अवधि के लिए एलपीजी आपूर्ति पर भी सहमति बनी है। यूएई पहले से ही भारत के प्रमुख कच्चे तेल और एलएनजी आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है।
गुजरात के वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर की स्थापना के लिए भी एक समझौता किया गया। इससे समुद्री क्षेत्र में भारत की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
यूएई ने भारत में लगभग 5 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की घोषणा की है। यह निवेश मुख्य रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, RBL बैंक और समन कैपिटल (Sammaan Capital) में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने मौजूदा परिस्थितियों में यूएई के संयमित रवैये की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन समय में संतुलित और जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाना सराहनीय है।
Also Read | UNSC के विस्तार पर भारत का जोर, जयशंकर ने सुधारों की उठाई मांग
इस दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा और हालिया तनावपूर्ण घटनाओं पर भी दोनों नेताओं ने विचार साझा किए।
अबू धाबी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने स्वयं एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जो दोनों देशों के मजबूत संबंधों को दर्शाता है।
मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि यूएई में मिले सम्मान और स्वागत के लिए वे आभारी हैं और यह भारत-यूएई रिश्तों की गहराई को दिखाता है।
The friendship between India and UAE is very strong! Our nations will keep working together with the aim of building a better future for our planet.@MohamedBinZayed pic.twitter.com/TzjU63GFll
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
बैठक में दोनों नेताओं ने ऊर्जा, निवेश, व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूएई के बीच साझेदारी को और मजबूत करने की बड़ी संभावनाएं हैं और आने वाले समय में दोनों देश मिलकर कई क्षेत्रों में काम करेंगे।