facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

विमान दुर्घटना में प्रिगोझिन की मौत को रूस के बदले की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा

Advertisement

सेंट पीटर्सबर्ग में वैगनर के मुख्यालय में एक बड़े क्रॉस के आकार में रोशनी की गई। प्रिगोझिन के समर्थकों ने तुरंत बनाए गए एक स्मारक में फूल चढ़ाए

Last Updated- August 24, 2023 | 7:33 PM IST
Yevgeny Prigozhin, the owner of the Wagner Group

निजी सेना वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन और उनके समूह के शीर्ष अधिकारियों की एक विमान दुर्घटना में मौत को व्यापक रूप से रूस के बदले की कार्रवाई और हत्या के रूप में देखा जा रहा है। दो महीने पहले प्रिगोझिन की बगावत ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की साख को खासा नुकसान पहुंचाया था।

रूस की नागर विमानन एजेंसी ने बताया है कि प्रिगोझिन और उनकी सेना के छह शीर्ष अधिकारी एक विमान में सवार थे, जो चालक दल के तीन सदस्यों के साथ बुधवार को मॉस्को से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बचावकर्मियों को सभी 10 शव मिल गए हैं। रूसी मीडिया ने प्रिगोझिन के वैगनर समूह के अज्ञात सूत्रों का हवाला दिया जिन्होंने उनकी मृत्यु की पुष्टि की। हालांकि आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

सेंट पीटर्सबर्ग में वैगनर के मुख्यालय में एक बड़े क्रॉस के आकार में रोशनी की गई। प्रिगोझिन के समर्थकों ने तुरंत बनाए गए एक स्मारक में फूल चढ़ाए। पुलिस ने उस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी जहां विमान का मलबा गिरा और जांचकर्ताओं ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बुरी तरह से जले हुए शवों को फॉरेंसिक जांच के लिए ले जाने वाले वाहनों को घटनास्थल आते देखा गया।

प्रिगोझिन की मौत को लेकर अटकलों के बीच पुतिन ने अब तक इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।

राष्ट्रपति ने जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित किया और समूह के सदस्यों के बीच सहयोग बढ़ाने की बात कही। पुतिन ने दुर्घटना का जिक्र नहीं किया और राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ ने भी इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। प्रिगोझिन समर्थकों ने मैसेजिंग ऐप के वैगनर समर्थक चैनल पर दावा किया कि विमान को जानबूझकर मार गिराया गया और उन्होंने इसके लिए कई तरह की आशंकाएं जताई हैं।

रूसी अधिकारियों ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अटकलों को इसलिए बल मिल रहा है क्योंकि पुतिन के कई प्रतिद्वंद्वियों और आलोचकों पर पूर्व में जानलेवा हमले हो चुके हैं।

अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के अधिकारियों का लंबे समय से मानना था कि 23-24 जून की बगावत को समाप्त करने वाले समझौते में आरोप वापस लेने का वादा करने के बावजूद पुतिन प्रिगोझिन को माफ नहीं करेंगे।

जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक ने कहा, ‘यह कोई संयोग नहीं है कि पूरी दुनिया तुरंत क्रेमलिन की ओर देखती है जब पुतिन का एक कुख्यात पूर्व विश्वासपात्र बगावत के प्रयास के दो महीने बाद अचानक दुर्घटना में मारा जाता है।’

उन्होंने कहा, ‘हम इस पैटर्न को जानते हैं… पुतिन के रूस में मौत और आत्महत्या समेत कई ऐसे मामले आते हैं जिनका कभी कुछ पता नहीं चलता।’

एक सप्ताह पहले रूसी मीडिया में खबरें आई थीं कि प्रिगोझिन से जुड़ाव रखने वाले यूक्रेन में पूर्व शीर्ष कमांडर सर्गेई सुरोविकिन को रूस की वायुसेना के कमांडर पद से हटा दिया गया। प्रिगोझिन के मारे जाने के बारे में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं लेकिन ज्यादातर विश्लेषकों ने वैगनर प्रमुख की मौत को पुतिन के 23 साल के शासन के लिए सबसे गंभीर चुनौती की सजा के रूप में देखा है। प्रिगोझिन यूक्रेन में युद्ध में रूसी सैनिकों के लड़ाई के तौर तरीकों के भी मुखर आलोचक थे जहां उनके लड़ाके भी मोर्चे पर डटे हुए थे। लेकिन बगावत के बाद वह सरकार की नजरों में चुभ गए।

गत 23 जून को प्रिगोझिन के लड़ाकों ने कूच करना शुरू किया और कुछ घंटों में रूस के दक्षिणी शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन में प्रवेश कर गए तथा एक सैन्य मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। प्रिगोझिन ने इस कदम को रूसी शीर्ष सैन्य नेताओं को हटाने के लिए ‘‘न्याय का मार्च’’ कहा था, जिन्होंने मांग की थी कि भाड़े के सैनिक रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करें।

पुतिन ने बगावत को ‘‘देशद्रोह’’ और ‘‘पीठ में छुरा घोंपना’’ बताया और इसके दोषियों को दंडित करने का संकल्प लिया, लेकिन कुछ घंटों बाद एक समझौता हो गया जिसके बाद उन्हें बेलारूस जाने की अनुमति दी गई।

नाटो के स्ट्रैटजिक कम्युनिकेशंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक जैनिस सार्ट्स ने लातवियाई टेलीविजन से कहा, ‘‘विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना निश्चित रूप से महज एक संयोग नहीं था।’’

‘इंस्टिट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर’ ने कहा कि रूसी अधिकारियों ने संभवतः ‘‘वैगनर को एक स्वतंत्र समूह के रूप में खत्म करने के अंतिम चरण’’ के रूप में प्रिगोझिन और उनके शीर्ष सहयोगियों को खत्म करने के लिए कदम उठाया।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ द्वारा समीक्षा की गई उड़ान निगरानी के डेटा से पता चला कि एक निजी विमान ने बुधवार शाम को मॉस्को से उड़ान भरी थी और उसके ट्रांसपोंडर सिग्नल कुछ मिनट बाद गायब हो गए। वैगनर समर्थक टेलीग्राम चैनल ग्रे जोन द्वारा साझा किए गए वीडियो में एक विमान धुएं के गुबार के बीच पत्थर की तरह गिरते हुए दिखा। इस तरह से विमान तब गिरता है जब गंभीर क्षति का सामना करता है। दो वीडियो का विश्लेषण करने पर पाया गया कि उड़ान के दौरान किसी प्रकार का विस्फोट हुआ था।

Advertisement
First Published - August 24, 2023 | 7:33 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement