facebookmetapixel
Advertisement
M&M का EV प्लान! सिर्फ नई कार नहीं, पूरी फैक्ट्री बदल रही कंपनीराज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिका

Ram Mandir: अमेरिका से लेकर कनाडा और मॉरीशस तक, दुनियाभर में राम भक्तों ने प्राण प्रतिष्ठा का मनाया उत्सव

Advertisement

अमेरिकी शेयर बाजार ‘नैस्डैक’ की स्क्रीन पर भी राम मंदिर की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं।

Last Updated- January 22, 2024 | 7:16 PM IST
Ram Mandir
Representative Image

अयोध्या में सोमवार को हुई रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का उत्सव मनाने के लिए राम भक्तों और भारतीय समुदाय के सदस्य न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्कवायर सहित दुनियाभर में विभिन्न स्थानों पर एकत्र हुए, प्रार्थना सभाएं कीं, कार रैली निकाली और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये।

अमेरिका में न्यूयॉर्क के टाइम्स स्कवायर पर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के सदस्य एकत्र हुए। उन्होंने अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण देखा। लोगों को पारंपरिक पोशाक पहने, नृत्य करते, भजन और अन्य गीत गाते देखा गया।

वाशिंगटन में वर्जीनिया के फेयरफैक्स काउंटी में स्थित एसवी लोटस टेम्पल में सिख, मुस्लिम और पाकिस्तानी-अमेरिकी समुदाय के सदस्य भी इस समारोह में शामिल हुए। रविवार को हुए कार्यक्रम में 2,500 से ज्यादा लोग शामिल हुए।

अमेरिकी शेयर बाजार ‘नैस्डैक’ की स्क्रीन पर भी राम मंदिर की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होने के तुरंत बाद वर्ल्ड हिंदू काउंसिल ऑफ अमेरिका और विश्व हिंदू परिषद ऑफ कनाडा ने दोनों देशों में एक हजार से अधिक मंदिरों के दर्शन के लिए ‘राम मंदिर यात्रा’ की घोषणा की।

विहिप अमेरिका द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह यात्रा 25 मार्च को मैसाचुसेट्स के बिलेरिका में ओम हिंदू केंद्र से शुरू होगी, जिसमें श्री राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियां एक सजे-धजे वाहन पर होंगी।

अमेरिका और कनाडा में होने वाली इस महत्वाकांक्षी यात्रा को 45 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर त्रिनिदाद और टोबैगो में हजारों की संख्या में लोग एक कार्यक्रम में शामिल हुए जिनमें बड़ी संख्या भारतीय समुदाय के सदस्य थे।

रविवार को आयोजित इस समारोह में 5,000 से अधिक लोग शामिल हुए। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकप्रिय भजन एवं गीत भी गाए गए। त्रिनिदाद और टोबैगो की राम जन्मभूमि स्थापना समिति ने भारतीय प्रवासियों और सामुदायिक संगठनों के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में 550 दीये भी जलाए गये।

त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय प्रवासियों द्वारा आयोजित भव्य समारोह में भाग लेना सम्मान की बात है।”

वहीं मॉरीशस सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर में होने वाली प्रार्थना सभाओं में भाग लेने के लिए हिंदू धर्म के कर्मचारियों को दो घंटे की विशेष छुट्टी दी।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आइए श्री राम के अयोध्या लौटने पर खुशी मनाएं। उनका आशीर्वाद और शिक्षाएं, शांति व समृद्धि की दिशा में हमारा मार्ग प्रशस्त करती रहे। जय हिंद! जय मॉरीशस!”

अयोध्या में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह की पूर्व संध्या पर मेक्सिको के क्वेरेटारो शहर में भगवान राम के पहले मंदिर की स्थापना हुई। क्वेरेटारो में भगवान हनुमान का मंदिर पहले से है।

मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत से लाई गई मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा एक अमेरिकी पुजारी द्वारा की गयी। भारतीय प्रवासियों द्वारा गाए गए भजन और गीत से पूरा सभागार गूंज उठा।”

इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के 250 से ज्यादा प्रवासी भारतीय शामिल हुए। इसके अलावा, फिजी के सुवा में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और फिजी की श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा ने 18 से 22 जनवरी तक रामलला उत्सव का आयोजन किया था।

Advertisement
First Published - January 22, 2024 | 7:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement