अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाते हुए इस कथित कार्रवाई को ”पूरी तरह अस्वीकार्य” बताया जबकि तेहरान ने इस आरोप को ”निराधार” करार दिया। इस सप्ताह ओमान तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमले हुए थे। इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी।
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ”भारतीय जहाजों के होर्मुज स्ट्रेट से निकलते समय उन पर कल रात किया गया (ईरान का) ड्रोन हमला बिल्कुल अस्वीकार्य है।” इसी पोस्ट में ट्रंप ने ईरान पर उस शांति समझौते की शर्तें मीडिया को लीक करने का भी आरोप लगाया, जिनका वार्ता में चर्चा किए जा रहे मुद्दों से कोई संबंध नहीं है।
Also Read: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दावे से दुनिया भर में शेयर बाजर चढ़े, तेल की कीमतें घटीं
ईरान ने ट्रंप के आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया। भारत में ईरानी दूतावास ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”होर्मुज स्ट्रेट में एक भारतीय जहाज को लेकर ईरान पर लगाया गया अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप पूरी तरह निराधार है।”
दूतावास ने कहा, ”यह जनता का ध्यान इस क्रूर तथ्य से भटकाने की कोशिश है कि अमेरिका ने एक सप्ताह से भी कम समय में तीन भारतीय जहाजों पर हमला किया है और तीन निर्दोष भारतीय नाविकों की जान ली है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारत ने ओमान तट के निकट भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमलों के विरोध में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया है। भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए इन हमलों को ”बेहद चिंताजनक” बताया है और इस मुद्दे को अमेरिका के समक्ष सख्ती से उठाया है।
(PTI इनपुट के साथ)