US Special Edition Passport: अमेरिका से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है। Donald Trump की तस्वीर अब अमेरिकी पासपोर्ट पर नजर आ सकती है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगांठ के मौके पर खास एडिशन पासपोर्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है।
इन नए पासपोर्ट के अंदर वाले कवर पर स्वतंत्रता की घोषणा पत्र की पृष्ठभूमि में ट्रंप की तस्वीर दिखाई जाएगी। इसके साथ ही नीचे उनकी सिग्नेचर को गोल्डन रंग में जोड़ा जाएगा।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इन पासपोर्ट में नई डिजाइन और बेहतर ग्राफिक्स शामिल किए जाएंगे। हालांकि, सुरक्षा के सभी जरूरी फीचर्स पहले की तरह ही बनाए रखे जाएंगे, ताकि पासपोर्ट सुरक्षित और भरोसेमंद बना रहे।
अमेरिका में जल्द ही खास डिजाइन वाले पासपोर्ट जारी किए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग जुलाई से इन स्मारक पासपोर्ट को जारी करने की तैयारी में है। यह समय अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के जश्न के साथ जुड़ा होगा।
इन नए पासपोर्ट में पीछे की तरफ अमेरिकी झंडे की तस्वीर होगी, जिसमें 13 सितारे दिखाए जाएंगे। ये सितारे अमेरिका की शुरुआती 13 कॉलोनियों का प्रतीक होंगे और इन्हें “250” संख्या के चारों ओर सजाया जाएगा।
चूंकि अमेरिकी पासपोर्ट की वैधता 10 साल की होती है, इसलिए जिन पासपोर्ट में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी, वे 2029 में उनके कार्यकाल खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक इस्तेमाल में बने रहेंगे।
फिलहाल जारी पासपोर्ट में अमेरिका के इतिहास से जुड़े अहम पल दिखाए जाते हैं, जैसे चंद्रमा पर पहली लैंडिंग और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसे राष्ट्रीय प्रतीक।
Donald Trump के नाम को सरकारी संस्थानों और योजनाओं से जोड़ने की कोशिश तेज होती दिख रही है। हाल ही में पासपोर्ट से जुड़ी पहल इसी बड़े अभियान का हिस्सा बताई जा रही है।
पिछले महीने अमेरिकी ट्रेजरी ने घोषणा की थी कि कागजी मुद्रा पर ट्रंप के हस्ताक्षर शामिल किए जाएंगे। यह किसी मौजूदा राष्ट्रपति के लिए पहली बार किया जा रहा कदम माना जा रहा है, जिसे विशेष वर्षगांठ समारोहों से जोड़ा गया है।
इसके अलावा, यूएस मिंट ने ट्रंप की तस्वीर वाला एक स्मारक सोने का सिक्का जारी करने की योजना भी बताई है। कुछ संस्थानों के नाम में भी बदलाव की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि केनेडी सेंटर का नाम बदलकर ट्रंप-केनेडी सेंटर किया गया है और इंस्टीट्यूट ऑफ पीस का नाम डोनाल्ड जे ट्रंप इंस्टीट्यूट ऑफ पीस रखा गया है।
ढांचे से जुड़े बदलाव भी सामने आए हैं। व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग को हटाकर वहां एक बड़ा बॉलरूम बनाने की योजना है। साथ ही, शुरुआती अमेरिकी राष्ट्रपतियों को समर्पित स्मारकों के पास 250 फीट ऊंचा आर्च बनाने की तैयारी भी चल रही है।
सिर्फ इमारतों तक ही नहीं, कई योजनाओं के नाम भी ट्रंप से जोड़े गए हैं। इनमें TrumpRx, Trump Accounts और Trump Gold Card जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।