facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर ज्यादा शुल्क लगाने की दी चेतावनी, भारतीय नीति निर्माताओं पर दबाव बढ़ा

Advertisement

ट्रंप ने इससे पहले मे​क्सिको, कनाडा और चीन से आयात होने वाली वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाने का ऐलान किया था।

Last Updated- December 18, 2024 | 10:27 PM IST
Tariff War

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका के उत्पादों पर ज्यादा शुल्क वसूलता है। उन्होंने बदले में भारतीय उत्पादों पर ऊंचा शुल्क लगाने की चेतावनी दी है जिससे देश के नीति निर्माताओं पर दबाव बढ़ गया है। ट्रंप ने इससे पहले मे​क्सिको, कनाडा और चीन से आयात होने वाली वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाने का ऐलान किया था। उस समय उन्होंने भारत का जिक्र नहीं किया था मगर इस बार की टिप्पणी में भारत पर निशाना साधा है। ट्रंप द्वारा चुने गए वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने भी कहा कि ‘पारस्परिकता’ ऐसी चीज है जो ट्रंप प्रशासन में महत्त्वपूर्ण विषय होने जा रही है।

ट्रंप ने मार-ए-लागो में कहा, ‘आम तौर पर देखा जाता है कि अगर वे हम पर शुल्क लगाते हैं तो हम भी उन पर उतना ही शुल्क लगाते हैं। लगभग सभी मामलों में वे (भारत) हम पर शुल्क लगा रहे हैं जबकि हम उन पर शुल्क नहीं लगा रहे हैं। यदि भारत हमसे 100 फीसदी शुल्क लेता है तो क्या हमें उनसे शुल्क नहीं लेना चाहिए?’

ट्रंप ने कहा, ‘आप जानते हैं कि वे साइकल भेजते हैं और हम भी उन्हें अपने यहां बनी साइकलें भेजते हैं। वे हमसे 100 और 200 फीसदी शुल्क लेते हैं। भारत बहुत ज्यादा शुल्क लेता है। ब्राजील भी बहुत ज्यादा शुल्क वसूलता है। अगर वे हमसे शुल्क लेना चाहते हैं तो ठीक है मगर हम उनसे इसी तरह ज्यादा शुल्क वसूलेंगे।’

वित्त मंत्रालय सहित शीर्ष सरकारी विभागों ने पहले ही माथापच्ची शुरू कर दी और 20 जनवरी को ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति की कमान संभालने के बाद की संभावित चुनौतियों का अनुमान लगाने की कोशिश कर रहे हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि परस्पर शुल्क की काफी ज्यादा संभावना है और भारत को इससे निपटने के लिए रणनीति तैयार करनी चाहिए।

काउंसिल फॉर सोशल डेवलपमेंट के प्रोफेसर विश्वजित धर ने कहा, ‘ट्रंप इसे लेकर मुखर रहे हैं कि भारत और चीन जैसे देश अमेरिका से ज्यादा आयात नहीं करते हैं। कृ​षि उत्पादों के लिए बाजार खोलने का दबाव हो सकता है जबकि यह भारत के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। भारत को सुसंगत रणनीति पर काम करने की जरूरत है ताकि वह मोलभाव करने में सक्षम हो सके।’

बीते समय में भी ट्रंप ने हार्ली डेविडसन बाइक पर ऊंचे शुल्क को लेकर भारत की आलोचना की थी।

निर्याताकों के संगठन फियो के महानिदेशक और मुख्य कार्या​धिकारी अजय सहाय ने कहा कि ट्रंप के बयान से संकेत मिलता है कि वह भारत से कुछ उत्पादों पर सीमा शुल्क घटाए जाने की संभावना तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमें रणनीति के तहत ऐसे उत्पादों को देखना होगा जिसमें अमेरिका के व्यापक हित हैं और इसकी संभावना तलाशनी चाहिए कि हम उन उत्पादों पर शुल्क को कुछ कम कर सकें।’

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 में 120 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था। अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार और प्रमुख निर्यात गंतव्य है।

अमेरिका के साथ व्यापार संतुलन भारत के पक्ष में है और इसमें 35.3 अरब डॉलर का अ​धिशेष है। पिछले कार्यकाल के दौरान ट्रंप ने व्यापार अ​​धिशेष को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि भारत अमेरिका से ज्यादा आयात नहीं कर रहा है।

Advertisement
First Published - December 18, 2024 | 10:27 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement