Aadhaar Card Address Update: अब आधार कार्ड में पता अपडेट कराना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसमें नए पते के दस्तावेज न होने पर भी आधार में एड्रेस बदला जा सकता है। इसके लिए परिवार के किसी सदस्य या मकान मालिक के आधार पते का उपयोग किया जा सकता है।
UIDAI के अनुसार अब आधार एड्रेस अपडेट के लिए हर बार बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट या अन्य प्रूफ जरूरी नहीं होगा। अगर किसी व्यक्ति के पास नए पते का दस्तावेज नहीं है, तो वह अपने परिवार के सदस्य या मकान मालिक के आधार पते के आधार पर एड्रेस अपडेट की रिक्वेस्ट कर सकता है।
इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्ति को ऑनलाइन मंजूरी देनी होती है और उसके बाद नया पता आधार में अपडेट हो जाता है।
नए शहर में शिफ्ट होने के बाद अक्सर किरायेदारों के पास पते से जुड़ा कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं होता। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं, क्रेडिट कार्ड, चेकबुक और अन्य जरूरी कामों में परेशानी आती है।
UIDAI की इस नई सुविधा के तहत किरायेदार अपने मकान मालिक के आधार पते का उपयोग कर सकते हैं। मकान मालिक की मंजूरी मिलने के बाद किरायेदार का पता आधार में अपडेट किया जा सकता है। इससे वेरिफिकेशन प्रक्रिया भी आसान हो जाती है।
पहले इस सुविधा को Head of Family (HOF) नाम से जाना जाता था, जिससे कई लोगों में भ्रम पैदा होता था कि सिर्फ घर का मुखिया ही इस सुविधा का उपयोग कर सकता है।
अब UIDAI ने इसे बदलकर Family Member सिस्टम कर दिया है। इसका मतलब है कि परिवार का कोई भी सदस्य जैसे माता, पिता, बेटा या बेटी इस प्रक्रिया में मदद कर सकता है।
आधार में पता बदलने के लिए यूजर को myAadhaar पोर्टल पर जाना होगा। वहां OTP के जरिए लॉगिन करना होता है।
इसके बाद यूजर दो विकल्प चुन सकता है, पहला Family Member Based Address Update और दूसरा Standard Address Update।
नई जानकारी भरने के बाद यूजर को लगभग 50 रुपये शुल्क ऑनलाइन जमा करना होता है। आवेदन पूरा होने पर एक URN नंबर मिलता है, जिससे स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।
अगर कोई अन्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो Standard Certificate का उपयोग किया जा सकता है। इसमें नया पता और फोटो दर्ज कराना होता है।
इस फॉर्म को सांसद, विधायक, तहसीलदार, गैजेटेड ऑफिसर या सरपंच से प्रमाणित कराना होता है। इसके बाद इसे आधार अपडेट के लिए मान्य दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाता है। प्रक्रिया पूरी होने में आमतौर पर 7 से 15 दिन का समय लगता है।
UIDAI ने नए आधार ऐप में कई डिजिटल सुविधाएं भी जोड़ी हैं। अब बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक, फेस ऑथेंटिकेशन और ‘Show, Share and Verify’ जैसे फीचर्स से आधार से जुड़े कई काम मोबाइल से ही किए जा सकते हैं।
इससे पता, मोबाइल नंबर और अन्य सेवाओं को अपडेट करना पहले की तुलना में काफी सरल और तेज हो गया है।