कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब अपने मेंबर्स के लिए एक बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत मई के आखिर तक UPI से जुड़ी निकासी की सुविधा शुरू हो जाएगी। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है।
बता दें कि EPFO अपना पूरा पुराना कंप्यूटर सिस्टम बदल रहा है और नया केंद्रीकृत IT सिस्टम CITES 2.0 तैयार कर रहा है। इस नई व्यवस्था में UPI के जरिए मेंबर्स अपने PF खाते से पैसे सीधे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकेंगे। पहले यह सुविधा मार्च के अंत तक शुरू करने की योजना थी, लेकिन यूजर टेस्टिंग के कारण इसमें देरी हो गई है।
CITES 2.0 छह अलग-अलग मॉड्यूल पर आधारित है। इनमें मेंबर्स के खाते, एम्प्लॉयर्स की फाइलिंग, दावे, पेंशन, फाइनेंस और अंत में शिकायत व अनुपालन (Compliance) का मॉड्यूल शामिल है। अभी तक पांच मॉड्यूल का काम पूरा हो चुका है। छठा और आखिरी मॉड्यूल, जो शिकायतों और अनुपालन (Compliance) से जुड़ा है, अभी अंतिम टेस्टिंग के दौर से गुजर रहा है।
अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने के लिए दो दिन का समय लगेगा, जिसके चलते उस दो दिन सिस्टम में कोई ट्रांजेक्शन नहीं हो पाएगा। इस दो दिन ‘शटडॉउन’ जैसा रहेगा। इस दौरान मेंबर न तो दावा कर पाएंगे और न ही कोई अन्य काम। यह बंदी शायद किसी वीकेंड पर रखी जाएगी, ताकि लोगों को कम असुविधा हो।
Also Read: EPFO की नई रणनीति: ₹30 लाख करोड़ के फंड को सुरक्षित करने के लिए बनेगी ‘एग्जिट पॉलिसी’
सारा डेटा और सॉफ्टवेयर एक जगह से दूसरी जगह माइग्रेट करना होगा, इसलिए यह छोटा ब्रेक जरूरी है। पूरा सिस्टम थर्ड पार्टी की IT कंपनी ने बनाया है, जबकि EPFO खुद इसकी निगरानी कर रहा है।
नए सिस्टम के साथ EPFO अपना खुद का मोबाइल ऐप भी लाएगा। यह ऐप UMANG ऐप से अलग होगा और सीधे यूजर्स के बैंक अकाउंट से जुड़ा होगा। इस ऐप को BHIM समेत अन्य UPI प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
इसके जरिए मेंबर अपने PF बैलेंस को बैंक अकाउंट में तेजी से ट्रांसफर कर सकेंगे। पहले की जानकारी के मुताबिक, लोग अपने बैलेंस का 75 प्रतिशत तक UPI रूट से निकाल सकेंगे।
Also Read: Nominee vs Legal Heir: PF-ग्रेच्युटी में नॉमिनी का नाम, फिर भी पैसा किसी और का कैसे?
फिलहाल EPFO के पुराने सिस्टम में कई दिक्कतें हैं। क्लेम में देरी, मेंबर्स के डेटा में गलतियां और नौकरी बदलने पर अकाउंट ट्रांसफर में मुश्किलें आम हैं। नया सिस्टम इन सभी समस्याओं को दूर करने की कोशिश करेगा।
बता दें कि 2025 में (नवंबर तक) श्रम और रोजगार मंत्रालय के पास सबसे ज्यादा शिकायतें आईं। कुल शिकायतों में इसका हिस्सा 15.5 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 8.4 प्रतिशत से काफी ज्यादा है। इनमें ज्यादातर शिकायतें PF निकासी, पेंशन और वेतन से जुड़ी थीं। कुल 2 लाख 31 हजार 786 शिकायतें EPFO से संबंधित थीं।