Weather Update Today, 28 April: दिल्ली में मंगलवार सुबह गर्मी का असर बना रहा और तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बाद में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।
आज तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और कुछ समय के लिए यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हल्की बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में आंधी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। असम और मेघालय में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी राज्यों में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि वहां 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अरब सागर के लिए फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
दक्षिण भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, लेकिन इसके बावजूद गर्मी से राहत पूरी तरह नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में हीटवेव का असर अभी भी जारी रहने की संभावना है।
विदर्भ, राजस्थान, हरियाणा और गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चलने के हालात बने रह सकते हैं। वहीं तटीय इलाकों जैसे कोंकण और गोवा, केरल और तमिलनाडु में लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।