facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

हथियारों और तेल के भंडार की लड़ाई: ईरान युद्ध कब रुकेगा, किसी को नहीं पता

Advertisement

ईरान-इजरायल युद्ध अब रसद और भंडार की जंग बन चुका है। मिसाइल इंटरसेप्टर और वैश्विक तेल भंडार की कमी दुनिया को बड़े आर्थिक संकट में धकेल सकती है

Last Updated- March 22, 2026 | 10:00 PM IST
attack in israel
इजरायल में ईरान के हमले के बाद टूटी इमारत | फोटो: रॉयटर्स

छोटी लड़ाइयां सामरिक कुशलता से जीती जा सकती हैं, लेकिन लंबी लड़ाइयां आमतौर पर रसद और औद्योगिक क्षमता से जीती जाती हैं। ईरान युद्ध अब अपने चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। अब इसकी जीत और हार इस बात पर टिकी हो सकती है कि दोनों पक्षों में से किसके पास किस तरह के शस्त्रों का भंडार बचा है तथा वै​श्विक तेल और गैस के भंडार की क्या स्थिति ​है। 

ईरान के पास बैलिस्टिक मिसाइल और आत्मघाती ड्रोन का भंडार है जबकि अमेरिका और इजरायल के गठबंधन के पास मिसाइल इंटरसेप्टर हैं। ईरान का शस्त्रागार सस्ता, बड़े पैमाने पर उत्पादित होने वाला और कमतर तकनीक का है। इसके मुकाबले मिसाइल इंटरसेप्टर कहीं अधिक महंगे हैं। अमेरिका और इजरायल को हर बार 15,000 से 20,000 डॉलर की लागत वाले ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराने पर लगभग 30 से 40 लाख डॉलर खर्च करने पड़ते हैं। इसी तरह, पैट्रियट मिसाइल बनाने में शाहिद ड्रोन बनाने की तुलना में कहीं अधिक समय लगता है।

इजरायल की वायु रक्षा प्रणालियां, प्रसिद्ध आयरन डोम (और कम दूरी की नई आयरन बीम), हवाई खतरों की पहचान करने और उन्हें नाकाम करने में उत्कृष्ट हैं। लेकिन अगर इजरायल के पास इंटरसेप्टर की कमी हो जाती है, तो ईरानी हवाई हमलों से निपटना व्यावहारिक रूप से मु​श्किल होगा। 

वर्ष 2025 के 12 दिवसीय युद्ध में इजरायल और ईरान ने 13 जून से 24 जून तक एक-दूसरे पर हमले किए। अपुष्ट रिपोर्टों के अनुसार, युद्ध के अंत तक इजरायल के पास इंटरसेप्टर की कमी हो रही थी, जिसके चलते अमेरिका ने युद्धविराम कराया। वर्तमान युद्ध के 21 दिन बीत जाने के बाद भी ईरान पश्चिम एशिया के विभिन्न स्थानों को निशाना बना रहा है और दूसरी ओर इजरायल और अमेरिका ईरान के ठिकानों पर बमबारी जारी रखे हुए हैं।

अगर ईरान सैन्य साजो-सामान भंडार खत्म हो जाता है, तो इजरायल और अमेरिका को फायदा होगा। अगर इजरायल और अमेरिका का भंडार खत्म हो जाता है, तो ईरान को फायदा होगा। ईरान के बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों से उसकी उत्पादन क्षमता भले ही कम हो गई हो, लेकिन उसके ड्रोन इतनी हल्की तकनीक वाले हैं कि इन्हें कार सर्विस सेंटरों में भी बनाया जा सकता है, इसलिए ईरान शायद इनका उत्पादन जारी रख सकता है, भले ही कम मात्रा में हो।

अन्य महत्त्वपूर्ण भंडार कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस से संबंधित हैं। होर्मुज स्ट्रेट के बंद रहने से हर सप्ताह विश्व की सालाना तेल और गैस आपूर्ति का लगभग 0.5 फीसदी बाजार से बाहर हो जाता है। ऊर्जा ढांचे पर हमलों के कारण कतर को रास लाफान स्थित अपने विशाल गैस टर्मिनल को बंद करना पड़ा है। इसे इतना नुकसान पहुंचा है कि इसकी मरम्मत में 3 से 5 साल लग सकते हैं और 20 अरब डॉलर से अधिक का खर्च आ सकता है। 

स्ट्रेट बंद होने के कारण सऊदी अरब, कुवैत और इराक की अधिकांश क्षमता भी ठप पड़ी है। ईरान के खर्ग द्वीप संयंत्र और दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र में अन्य ऊर्जा ढांचे (जो कतर के साथ साझा हैं) पर अमेरिकी-इजरायली हमलों ने तेल और प्राकृतिक गैस का उत्पादन करने की ईरान की क्षमता को भी कम कर दिया है।

युद्ध समाप्त होने के बाद भी संयंत्रों की मरम्मत और उत्पादन को फिर से शुरू करने में कई महीने या साल लग जाएंगे। यूक्रेन युद्ध की भू-राजनीति और वेनेजुएला की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, अप्रभावित क्षेत्रों से उत्पादन बढ़ाने में भी समय लग सकता है। फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर में बाब अल-मंडेब स्ट्रेट का वैकल्पिक मार्ग बनाने में भी कई साल लगेंगे और भारी लागत आएगी। भू-राजनीति के जानकारों को याद होगा कि बाब अल-मंडेब भी एक ऐसा ही अवरोध बिंदु है जहां हूतियों ने कई बार लाल सागर में यातायात बाधित किया है। हूतियों को इसे बंद करने से रोकने के लिए अमेरिका को 2025 में युद्धविराम समझौते पर सहमत होना पड़ा था।

कुल मिलाकर, ऊर्जा आपूर्ति का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा अनिश्चितकाल के लिए बाजार से बाहर हो सकता है। इस दौरान, दुनिया कच्चे तेल और गैस के भंडारों का उपयोग करेगी। यदि आपूर्ति में कमी जारी रहती है, तो ये भंडार भी किसी न किसी स्तर पर मांग के मुकाबले कम पड़ जाएंगे।

अगर पर्याप्त आपूर्ति बहाल होने से पहले तेल और गैस का भंडार खत्म हो जाता है, तो हम मुश्किल में पड़ जाएंगे क्योंकि एक आवश्यक वस्तु की भारी कमी हो जाएगी। ऊर्जा की कीमतों पर सीधे प्रभाव के अलावा, तेल और गैस उर्वरक, प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल्स के लिए कच्चा माल है। इसका मतलब होगा भोजन की कमी और उसका अधिक महंगा होना, साथ ही प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल्स से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति श्रृंखलाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ना। यह एक सुखद स्थिति नहीं है और भारत सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों में से एक हो सकता है।

गणित की दृष्टि से देखा जाए तो ऐसा लगता है कि उनके शस्त्र भंडार बराबर हैं। ईरान के ड्रोन और मिसाइलों का भंडार, अमेरिका और इजरायल के इंटरसेप्टर के भंडार के साथ एक ही समय पर समाप्त नहीं होगा। ईंंधन और गैस का जमा वैश्विक भंडार आपूर्ति में कमी के बराबर नहीं होगा। लेकिन चूंकि कोई नहीं जानता कि युद्ध कितने समय तक चलेगा, इसलिए यह अनुमान लगाना असंभव है कि किस भंडार की संख्या अधिक होगी।

इस युद्ध की एक समस्या इसके उद्देश्यों की स्पष्टता का अभाव है। अगर कोई स्पष्ट रणनीतिक उद्देश्य ही न हो तो आप जीत नहीं सकते। ईरान में सत्ता परिवर्तन की संभावना कम ही लगती है। तेल की कीमतों में वृद्धि उद्देश्य की पूर्ति के बजाय अधिक नुकसान ही साबित हुई है। लेकिन यही एकमात्र निश्चित परिणाम प्रतीत होता है।

Advertisement
First Published - March 22, 2026 | 9:58 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement